चेन्नई: कामराजर पोर्ट पर बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल, सबसे बड़े जहाज़ों को संभालने की बढ़ेगी क्षमता
भारत की समुद्री व्यापार क्षमता को एक बड़ी बढ़त मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने चेन्नई के कामराजर पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंज़ूरी दे दी है। इस परियोजना का उद्देश्य दुनिया के…
भारत की समुद्री व्यापार क्षमता को एक बड़ी बढ़त मिलने वाली है। केंद्र सरकार ने चेन्नई के कामराजर पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंज़ूरी दे दी है। इस परियोजना का उद्देश्य दुनिया के कुछ सबसे बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने की क्षमता बढ़ाना, विदेशी बंदरगाहों पर निर्भरता कम करना और निर्यात के क्षेत्र में देश की प्रतिस्पर्धात्मकता को मज़बूत करना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को इस प्रस्ताव को हरी झंडी दी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस निर्णय को भारत के लिए एक साथ तीन लक्ष्यों को हासिल करने वाला बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे लॉजिस्टिक्स लागत घटेगी और विदेशी ट्रांसशिपमेंट हब पर निर्भरता कम होगी।
परियोजना की लागत और क्षमता
यह विशाल परियोजना सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी, जिसका आधार 'डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण' (DBFOT) होगा। इसकी अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपए है। इस राशि का निवेश चयनित निजी कंपनी (रियायतधारी) द्वारा किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, ड्रेजिंग (गहराई बढ़ाने का काम) पर आने वाली 450 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत कामराजर पोर्ट लिमिटेड (KPL) द्वारा वहन की जाएगी।
इस परियोजना से बंदरगाह की कंटेनर-हैंडलिंग क्षमता में सालाना 20 लाख टीईयू (ट्वेंटी-फुट इक्विवेलेंट यूनिट्स) की वृद्धि होगी। इसे दो चरणों में लागू किया जाएगा, जिसमें पहले चरण पर 2,429.32 करोड़ रुपए और दूसरे पर 1,858.94 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
बड़े जहाज़ और बेहतर कनेक्टिविटी
नए टर्मिनल की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसे दुनिया के सबसे बड़े कंटेनर जहाजों को संभालने के लिए डिज़ाइन किया जाएगा। इसमें 400 मीटर तक लंबे और 24,346 टीईयू तक की क्षमता वाले जहाज भी शामिल हैं। टर्मिनल की डिज़ाइन ड्राफ्ट गहराई 18 मीटर होगी। इससे कामराजर पोर्ट की अंतरराष्ट्रीय शिपिंग मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी और वह बड़े मुख्य समुद्री मार्गों पर चलने वाले जहाजों को संभालने में सक्षम हो जाएगा।
क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना का सीधा लाभ दक्षिण भारत, विशेषकर चेन्नई-एन्नोर औद्योगिक और आर्थिक क्षेत्र को मिलेगा। यह इलाका ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट, इंजीनियरिंग सामान, इलेक्ट्रॉनिक्स और रसायन जैसे उत्पादों के निर्माण और निर्यात का एक प्रमुख केंद्र है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, टर्मिनल बनने से इन क्षेत्रों से कंटेनर आधारित निर्यात-आयात (Exim) माल की बढ़ती मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, इससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे और आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी।
इनपुट: IANS



