असम: तिनसुकिया में उल्फा (आई) का संदिग्ध मददगार गिरफ्तार, पिस्तौल और कारतूस बरामद
असम के तिनसुकिया जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान उल्फा (आई) के एक संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर हथियारों की तस्करी में भी शामिल था। समाचार एजेंसी…
असम के तिनसुकिया जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त अभियान के दौरान उल्फा (आई) के एक संदिग्ध ओवर ग्राउंड वर्कर को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर हथियारों की तस्करी में भी शामिल था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह गिरफ्तारी 15 सितंबर की सुबह काकोपाथर इलाके में खुफिया सूचना के आधार पर की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नगालैंड के मोन जिले के निवासी 52 वर्षीय मोहम्मद सलाउद्दीन के रूप में हुई है। सुरक्षाबलों ने उसे कथा बस्ती में चलाए गए एक तलाशी अभियान के दौरान पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि वह जबरन वसूली और अवैध हथियार तस्करी जैसी गतिविधियों में लिप्त था।
तलाशी में हथियार और नकदी बरामद
इस ऑपरेशन को 20 असम राइफल्स, 7 फील्ड रेजिमेंट और असम पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। मोहम्मद सलाउद्दीन के पास से 7.65 मिमी की एक पिस्तौल, एक मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा एक खंजर, दो मोबाइल फोन और कुछ नकदी भी बरामद की गई है। आरोपी और जब्त किए गए सभी सामान को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए काकोपाथर पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।
हाल ही में हुआ था बड़ा आत्मसमर्पण
यह गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षाबल क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। इससे पहले 8 अगस्त को, प्रतिबंधित संगठन उल्फा (आई) के चार कट्टर कैडरों ने अरुणाचल प्रदेश के लोंगडिंग जिले में असम राइफल्स के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। उन्होंने अपने हथियार और गोला-बारूद भी जमा कर दिए थे, जिसे सुरक्षाबलों के लिए एक बड़ी कामयाबी माना गया था।
इनपुट: IANS



