झारखंड: 836 लिपिक पदों पर होने वाली JSSC इंटरमीडिएट स्तर की परीक्षा रद्द, नई भर्ती का करना होगा इंतज़ार
झारखंड में लिपिक के 836 पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटरमीडिएट स्तर की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द करने की घोषणा…
झारखंड में लिपिक के 836 पदों पर नियुक्ति का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने इंटरमीडिएट स्तर की संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 को रद्द करने की घोषणा की है। यह फैसला कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा भर्ती की अधियाचना वापस लिए जाने के बाद लिया गया।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आयोग ने 31 अगस्त को इस परीक्षा को रद्द करने की सूचना जारी की। इस भर्ती के तहत नियमित और बैकलॉग, दोनों तरह के कुल 836 पदों को भरा जाना था। आयोग ने इसके लिए विज्ञापन संख्या 15/2023 और 16/2023 जारी किए थे, जिन्हें अब वापस ले लिया गया है।
क्यों रद्द हुई परीक्षा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भर्ती से जुड़ी नियमावली में कुछ बदलाव किए जा रहे हैं। इन्हीं बदलावों के कारण संबंधित विभागों की सहमति से कार्मिक विभाग ने 29 जुलाई 2026 को आयोग को पत्र भेजकर भर्ती की अधियाचनाएं वापस ले ली थीं। अब नियमावली में संशोधन के बाद भर्ती प्रक्रिया नए सिरे से शुरू की जाएगी।
आगे क्या होगा?
अब JSSC संबंधित विभागों से पदों के लिए फिर से अधियाचना मंगाएगा। नई अधियाचना प्राप्त होने के बाद एक नया विज्ञापन जारी किया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि नई भर्ती में पदों की संख्या पहले से घोषित 836 से अधिक हो सकती है। हालांकि, वास्तविक संख्या नई अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इस फैसले से उन हजारों उम्मीदवारों को निराशा हुई है जो लंबे समय से परीक्षा की तारीखों का इंतजार कर रहे थे।
इनपुट: IANS



