ISRO में JRF समेत 48 पदों पर मौका, 30 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (SAC) ने युवाओं के लिए भर्ती के दरवाजे खोले हैं। जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) समेत कुल 48 अस्थायी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया…
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अहमदाबाद स्थित स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (SAC) ने युवाओं के लिए भर्ती के दरवाजे खोले हैं। जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) समेत कुल 48 अस्थायी पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2024 निर्धारित की गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इसरो-एसएसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती अभियान इसरो और अंतरिक्ष विभाग (DOS) के प्रमुख केंद्रों में से एक एसएसी द्वारा चलाया जा रहा है। कुल 48 रिक्तियों में सबसे ज्यादा 33 पद जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) के लिए हैं। इसके अलावा रिसर्च एसोसिएट (RA) के 8 और प्रोजेक्ट साइंटिस्ट-I (PS-I) के 7 पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 सितंबर को सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है।
किस पद के लिए क्या योग्यता चाहिए?
जूनियर रिसर्च फेलो (JRF): इस पद के लिए उम्मीदवारों के पास इंजीनियरिंग, फिजिक्स, कंप्यूटर साइंस, जियो-इन्फॉर्मेटिक्स या संबंधित विषयों में न्यूनतम 60/65 प्रतिशत अंकों के साथ BE/B.Tech या ME/M.Tech/MSc की डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, UGC-NET (लेक्चरशिप सहित), GATE या केंद्र सरकार द्वारा आयोजित कोई अन्य राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा पास करना अनिवार्य है।
रिसर्च एसोसिएट (RA): इस पद के लिए ओशनिक साइंसेज, एटमॉस्फेरिक साइंसेज, फिजिक्स या संबंधित विषयों में पीएचडी की डिग्री आवश्यक है। या, संबंधित विषयों में ME/M.Tech के साथ 3 साल का शोध या शिक्षण अनुभव और एक शोध पत्र प्रकाशित होना चाहिए।
प्रोजेक्ट साइंटिस्ट-I (PS-I): इसके लिए जियोफिजिक्स, इकोलॉजी, रिमोट सेंसिंग और जीआईएस या संबंधित विषयों में पीएचडी या फिर जियो-इन्फॉर्मेटिक्स, सिविल इंजीनियरिंग, वॉटर रिसोर्स इंजीनियरिंग जैसे विषयों में ME/M.Tech की डिग्री होनी चाहिए।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
आवेदकों की अधिकतम आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि (30 सितंबर) के आधार पर की जाएगी। जेआरएफ पद के लिए यह 28 वर्ष और अन्य सभी पदों के लिए 35 वर्ष तय की गई है। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया में पहले आवेदनों की स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसके आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा। इसके बाद इंटरव्यू और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर अंतिम चयन होगा। सफल उम्मीदवारों को पद के अनुसार हर महीने 37,000 रुपये से लेकर 67,000 रुपये तक का वेतन और अन्य भत्ते दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



