JPSC भर्ती घोटाला: पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से CID की लगातार तीसरे दिन पूछताछ, पासपोर्ट ज़ब्त
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले में जांच का दायरा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते तक पहुँच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अपराध अनुसंधान विभाग…
झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में कथित धांधली के मामले में जांच का दायरा आयोग के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते तक पहुँच गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन उनसे लंबी पूछताछ की। यह पूछताछ JPSC की 14वीं सिविल सेवा परीक्षा समेत कई अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में हुई गड़बड़ियों के सिलसिले में की जा रही है।
पूछताछ के दौरान सीआईडी ने एल. खियांग्ते का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है। जांच एजेंसी ने उनसे अध्यक्ष के तौर पर की गई विदेश यात्राओं और उन पर हुए खर्च का ब्योरा भी माँगा है। इससे पहले भी सीआईडी के अधिकारी दो दिनों तक उनसे घंटों तक सवाल-जवाब कर चुके हैं।
जांच के केंद्र में ब्लैकलिस्टेड एजेंसी
सूत्रों के मुताबिक, सीआईडी की जांच मुख्य रूप से परीक्षा संचालन से जुड़े प्रशासनिक फैसलों और प्रक्रियाओं पर केंद्रित है। विशेषकर, जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि एक विवादित और ब्लैकलिस्टेड एजेंसी 'टीएसआर डाटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड' (टीडीपीएल) को परीक्षा आयोजित करने का काम किन परिस्थितियों में और किसके कहने पर दिया गया।
पूछताछ में ओएमआर शीट की छपाई, मूल्यांकन, अभ्यर्थियों के डेटा की सुरक्षा और परिणाम तैयार करने जैसे कई अहम पहलुओं पर सवाल किए गए। साथ ही, खियांग्ते के कार्यकाल के दौरान तैनात तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक, उप परीक्षा नियंत्रक और अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जानकारी ली जा रही है।
अब तक 12 लोग गिरफ़्तार
इस मामले में अब तक JPSC की सहायक परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता और एजेंसी टीडीपीएल के मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सीआईडी अधिकारियों का मानना है कि पहले से गिरफ्तार आरोपियों के बयानों, जब्त दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों के आधार पर वे मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, सीआईडी की तरफ से इस पूछताछ पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि इन विवादों के सामने आने के बाद जेपीएससी ने अपनी प्रस्तावित मुख्य परीक्षा सहित नौ अन्य परीक्षाओं को हाल ही में स्थगित कर दिया था।
इनपुट: IANS



