SSB पेपर लीक: उमर अब्दुल्ला का जेपी नड्डा पर पलटवार, '2022 में उपराज्यपाल का शासन था, हमारी सरकार नहीं'
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के उस दावे पर पलटवार किया है, जिसमें नड्डा ने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार के दौरान एसएसबी…
जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के उस दावे पर पलटवार किया है, जिसमें नड्डा ने जम्मू-कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) सरकार के दौरान एसएसबी पेपर लीक होने की बात कही थी। उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर तथ्यों को सही करते हुए कहा कि पेपर लीक की यह घटना 2022 की है, जब राज्य में उपराज्यपाल का शासन था, न कि एनसी-कांग्रेस की सरकार।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला बुधवार देर शाम हुई केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस से शुरू हुआ। नीट पेपर लीक पर विपक्ष के हंगामे के जवाब में नड्डा ने गैर-एनडीए शासित राज्यों में हुए पेपर लीक के उदाहरण दिए थे। इसी क्रम में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में सर्विस सिलेक्शन बोर्ड (SSB) की परीक्षा का पेपर लीक होने का ज़िक्र करते हुए कहा था कि वहां कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार है।
तथ्यों के साथ उमर अब्दुल्ला का जवाब
नड्डा के बयान के अगले दिन यानी गुरुवार सुबह उमर अब्दुल्ला ने 'एक्स' पर लिखा, "जेपी नड्डा जी, जम्मू-कश्मीर में एसएसबी पेपर लीक के बारे में आपकी बात बिल्कुल सही है, लेकिन आपने तारीख गलत बताई है। यह 2022 की बात है।" उन्होंने आगे स्पष्ट किया, "सरकार एनसी (नेशनल कॉन्फ्रेंस) और कांग्रेस की नहीं थी। सरकार लेफ्टिनेंट गवर्नर के नेतृत्व में थी, लेकिन इस नाकामी की तरफ सबका ध्यान दिलाने के लिए आपका धन्यवाद।"
अपने पोस्ट में पूर्व मुख्यमंत्री ने मामले की हाई-लेवल कमेटी और उसकी रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "इसमें जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट की ये टिप्पणियां और आदेश शामिल थे। हमें नहीं पता कि हाई-लेवल कमेटी या उसकी रिपोर्ट का क्या हुआ। शायद आप अपनी अगली प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमारे साथ यह जानकारी शेयर कर सकें।"
विपक्ष पर नड्डा का निशाना
अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए पूछा था कि पेपर लीक के मुद्दे पर उनका रवैया "सेलेक्टिव" क्यों है। नड्डा ने जम्मू-कश्मीर के अलावा हिमाचल प्रदेश, झारखंड, तेलंगाना, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, केरल और कर्नाटक जैसे राज्यों में हुई परीक्षा धांधली और पेपर लीक की घटनाओं का भी उल्लेख किया था। उन्होंने कहा था कि सरकार हर पहलू की जांच कर तथ्य जनता के सामने रखेगी।
इनपुट: IANS



