ईरान का दावा: जॉर्डन में अमेरिकी मिसाइल डिफेंस सिस्टम और सैन्य ठिकाने तबाह किए
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार को दावा किया है कि उसने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इन हमलों में अमेरिका के महत्वपूर्ण थाड और पैट्रियट…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार को दावा किया है कि उसने जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ हमले किए हैं। इन हमलों में अमेरिका के महत्वपूर्ण थाड और पैट्रियट मिसाइल डिफेंस सिस्टम को नष्ट करने की बात कही गई है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC ने अपने आधिकारिक पोर्टल 'सिपाह न्यूज' पर बयान जारी कर इस कार्रवाई की जानकारी दी।
बयान के अनुसार, ईरान ने सटीक हमलों के जरिए इन रक्षा प्रणालियों के अलावा सी-आरएएम रडार को भी निशाना बनाकर तबाह कर दिया है। IRGC का यह भी कहना है कि इन हमलों के कारण अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मौजूद ईंधन टैंकों और हेलीकॉप्टर मरम्मत के लिए इस्तेमाल होने वाले हैंगर में आग लग गई, जिससे वे पूरी तरह नष्ट हो गए।
जॉर्डन को ईरान का संदेश
अपने बयान में IRGC ने जॉर्डन की जनता को भी संबोधित किया है। उन्होंने अपनी कार्रवाई को सही ठहराते हुए कहा, "हमारी सैन्य कार्रवाई जॉर्डन की संप्रभुता का उल्लंघन नहीं करती, बल्कि देश में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी ही जॉर्डन की संप्रभुता का अतिक्रमण है। अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना एक वैध और आवश्यक कार्रवाई है।" जॉर्डन की तरफ से इन दावों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
कुवैत और अमेरिका की गतिविधियां
ईरान के ये दावे ऐसे समय में सामने आए हैं जब कुवैत में भी तनाव की स्थिति है। इससे पहले IRGC कुवैत में अमेरिकी सैन्य संपत्ति पर हमले का दावा कर चुका है, जिसमें अल-अदीरी कैंप और अली अल-सलेम एयर बेस को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसी बीच, कुवैत की सेना ने अपने हवाई क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन गतिविधियों की पुष्टि की है। सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर बताया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली दुश्मन ड्रोनों का सामना कर रही है और रात में सुनाई दिए विस्फोट इन्हीं ड्रोनों को मार गिराने की कार्रवाई का हिस्सा थे।
दूसरी ओर, अमेरिकी सेना ने भी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर ईरान के खिलाफ लगातार 12वीं रात सैन्य कार्रवाई पूरी करने की घोषणा की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) के अनुसार, अमेरिकी बलों ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें समुद्री क्षमताएं, मिसाइल और ड्रोन भंडारण केंद्र तथा वायु रक्षा प्रणाली शामिल हैं।
इनपुट: IANS



