सोमवार, 3 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
देश

झारखंड: आतंकी क्लिप शेयर करने के संदेह में 5 हिरासत में, IB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

झारखंड के कोडरमा जिले में सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकवादियों से जुड़ी भड़काऊ सामग्री साझा करने के संदेह में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई केंद्रीय…

झारखंड: आतंकी क्लिप शेयर करने के संदेह में 5 हिरासत में, IB और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
(फोटो: IANS)

झारखंड के कोडरमा जिले में सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी आतंकवादियों से जुड़ी भड़काऊ सामग्री साझा करने के संदेह में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह कार्रवाई केंद्रीय खुफिया एजेंसी (आईबी) और स्थानीय पुलिस ने मिलकर की है। सोमवार सुबह सतगांवां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में छापेमारी कर इन पांचों को पकड़ा गया।

विज्ञापन

यह मामला तब सामने आया जब केंद्रीय खुफिया एजेंसी को कुछ सोशल मीडिया खातों से आपत्तिजनक और उकसाने वाली ऑडियो क्लिप प्रसारित किए जाने की जानकारी मिली। शुरुआती जांच के बाद यह सूचना कोडरमा पुलिस को दी गई, जिसके बाद संयुक्त अभियान की योजना बनी। आईबी की टीम इस सिलसिले में रविवार देर रात ही कोडरमा पहुंच गई थी।

आतंकी अजहर मसूद से जुड़े क्लिप

आरोपों के मुताबिक, इन सोशल मीडिया खातों के जरिए पाकिस्तान स्थित आतंकवादी अजहर मसूद की कथित ऑडियो क्लिप और अन्य सामग्री साझा की जा रही थी। इसका मकसद कुछ मुस्लिम युवाओं को देश और दूसरे धर्मों के खिलाफ भड़काना बताया जा रहा है। अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान कुछ मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए हैं।

जांच जारी, आधिकारिक बयान का इंतजार

फिलहाल, सुरक्षा एजेंसियों या पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस सामग्री का स्रोत क्या था और इसे किन लोगों तक भेजा गया। एजेंसियां यह भी जांच रही हैं कि क्या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था। कोडरमा पुलिस के अधिकारियों ने कहा है कि पूछताछ और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी कोडरमा का नाम कट्टरपंथी गतिविधियों से जुड़ चुका है। यहीं की रहने वाली शमा परवीन को गुजरात एटीएस ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था, जिस पर अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (एक्यूआईएस) से जुड़े होने का आरोप था।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →