झारखंड: खूंटी महिला थाना प्रभारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, 3 साल में दूसरी ऐसी घटना
झारखंड के खूंटी जिले का महिला थाना एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को यहां की थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50,000 रुपये की घूस…
झारखंड के खूंटी जिले का महिला थाना एक बार फिर रिश्वतखोरी के आरोपों को लेकर चर्चा में है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को यहां की थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी सपना को 50,000 रुपये की घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह गिरफ्तारी ब्यूरो द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे एक अभियान के तहत की गई।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, थाना प्रभारी ने महिला थाने में दर्ज एक मामले से आरोपी का नाम हटाने और जांच में राहत देने के बदले 50,000 रुपये की मांग की थी। रिश्वत देने के बजाय, पीड़ित ने इसकी शिकायत सीधे एसीबी की रांची इकाई से कर दी।
एसीबी ने जाल बिछाकर पकड़ा
शिकायत मिलने पर एसीबी ने पहले अपने स्तर पर मामले का सत्यापन किया। जब रिश्वत मांगने के आरोप पहली नज़र में सही पाए गए, तो अधिकारियों ने आरोपी थाना प्रभारी को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। पूर्व निर्धारित रणनीति के तहत शिकायतकर्ता को पैसे लेकर थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी के पास भेजा गया। जैसे ही उन्होंने रिश्वत की रकम ली, सादे कपड़ों में पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर लिया।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम आरोपी थाना प्रभारी को पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया के लिए रांची स्थित मुख्यालय ले गई। अधिकारियों ने बताया है कि उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य दस्तावेजों की भी जांच चल रही है।
यह पहली बार नहीं है जब खूंटी महिला थाना इस तरह के आरोपों में घिरा है। इससे पहले साल 2021 में भी इसी थाने की तत्कालीन प्रभारी मीरा कुमारी को एसीबी ने रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इनपुट: IANS



