रामगढ़ में बारिश का कहर: आसमानी बिजली गिरने से दो महिलाओं और एक किशोरी की मौत
झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को भारी बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक माँ-बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन हादसों में एक महिला और…
झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार को भारी बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक माँ-बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन हादसों में एक महिला और एक अन्य बच्ची घायल भी हुई हैं, जिनका इलाज चल रहा है। दोनों ही मामले पतरातू थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवों के हैं।
सांकुल गांव में मां-बेटी की मौत
पहली घटना सांकुल गांव की है, जहां खेत में काम करने के दौरान बिजली गिरने से रेखा देवी और उनकी बेटी रोशनी कुमारी उसकी चपेट में आ गईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को पतरातू के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका रेखा देवी के पति का नाम भीखू राम बताया गया है।
पलानी गांव में एक की मृत्यु, दो घायल
पतरातू थाना क्षेत्र के ही पलानी गांव में भी इसी तरह का हादसा हुआ। यहां खेत में काम कर रहीं तीन महिलाएं—सुलेखा देवी, सुनीता देवी और कंचन कुमारी—वज्रपात का शिकार हो गईं। 108 एंबुलेंस से उन्हें भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने सुलेखा देवी को मृत घोषित कर दिया, जिनके पति का नाम सुरेंद्र उरांव है। वहीं, सुनीता देवी और कंचन कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
प्रशासन ने जानकारी दी है कि रविवार को जिले के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात हुआ। अधिकारियों ने लोगों से खराब मौसम में खुले स्थानों, खेतों या पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की है। गौरतलब है कि 11 जून को मानसून की शुरुआत के बाद से झारखंड में वज्रपात की घटनाओं में 35 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक घायल हुए हैं।
इनपुट: IANS



