झारखंड: चक्रधरपुर में महिला सुपरवाइज़र की हत्या, प्रेमी होने का दावा कर रहा युवक गिरफ्तार
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक महिला सरकारी कर्मचारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। यह घटना चक्रधरपुर शहर की है, जहाँ गुरुवार दोपहर सोनुआ प्रखंड में पदस्थापित एक महिला पर्यवेक्षिका (सुपरवाइज़र)…
झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक महिला सरकारी कर्मचारी की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। यह घटना चक्रधरपुर शहर की है, जहाँ गुरुवार दोपहर सोनुआ प्रखंड में पदस्थापित एक महिला पर्यवेक्षिका (सुपरवाइज़र) अनिता बिंद की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है, जिसने खुद को मृतका का प्रेमी बताया है।
स्थानीय लोगों की सतर्कता से आरोपी को घटनास्थल से भागते समय ही पकड़ लिया गया। जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब दो बजे अनिल कुमार नामक युवक अनिता के किराए के मकान पर उनसे मिलने आया था। कुछ देर बाद कमरे से चीखने की आवाजें आईं, जिसके बाद पड़ोसियों ने युवक को वहां से भागते हुए देखा।
लोगों ने पीछा कर आरोपी को पकड़ा
आसपास के लोगों ने तुरंत युवक का पीछा किया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जब पड़ोसी अनिता के कमरे में पहुँचे, तो उन्होंने उसे खून से लथपथ गंभीर हालत में पाया। उसके शरीर पर तेज हथियार से किए गए कई वार के निशान थे। सूचना मिलते ही चक्रधरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और अनिता को अस्पताल ले गई, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी अनिल कुमार बिंद से पूछताछ कर रही है।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले थे दोनों
प्रारंभिक जाँच में यह बात सामने आई है कि मृतका और आरोपी, दोनों मूल रूप से उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। अनिता बिंद करीब 15 दिन पहले ही चक्रधरपुर के शीतला मंदिर ग्वाला पट्टी इलाके में संजय साव के मकान में किराए पर रहने आई थीं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में इस्तेमाल हुए हथियार का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की आगे की जाँच की जाएगी।
इनपुट: IANS



