झांसी: शादी से दो महीने पहले युवती की गोली मारकर हत्या, एकतरफा प्यार का शक
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक 19 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान चंचल के रूप में हुई है और करीब दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। इस घटना ने परिवार की शादी की…
उत्तर प्रदेश के झांसी में एक 19 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान चंचल के रूप में हुई है और करीब दो महीने बाद उसकी शादी होने वाली थी। इस घटना ने परिवार की शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह वारदात झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के आईटीआई इलाके में हुई। घटना के वक्त चंचल घर में अकेली थीं, क्योंकि उनकी दादी किसी काम से बाहर गई थीं। दोपहर करीब 3:30 बजे जब दादी घर लौटीं और दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने पड़ोसियों की मदद ली। दीवार के ऊपर से झांकने पर चंचल आंगन में खून से लथपथ पड़ी मिलीं।
जांच में एकतरफा प्यार का एंगल
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार समेत पुलिस की कई टीमें, फोरेंसिक एक्सपर्ट और स्वाट टीम मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस इसे एकतरफा प्यार का मामला मान रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक पिछले कुछ महीनों से चंचल को परेशान कर रहा था और उससे जबरन संपर्क करने की कोशिश में था। पुलिस का अनुमान है कि आरोपी दीवार फांदकर घर में घुसा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
आरोपी का वीडियो वायरल
इस बीच, कमल नामक एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे इस मामले का आरोपी बताया जा रहा है। दावा है कि यह वीडियो हत्या से पहले का है, जिसमें युवक अपनी जान को खतरा बताते हुए इसके लिए युवती के परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहा है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



