गुरूवार, 5 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

मालाबार 2026: भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास जापान में शुरू

भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाएं जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर बहुराष्ट्रीय अभ्यास 'मालाबार 2026' के लिए जुट गई हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए…

मालाबार 2026: भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का संयुक्त नौसैनिक अभ्यास जापान में शुरू
(फोटो: IANS)

भारत, जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया की नौसेनाएं जापान के योकोसुका नौसैनिक अड्डे पर बहुराष्ट्रीय अभ्यास 'मालाबार 2026' के लिए जुट गई हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अभ्यास में हिस्सा लेने के लिए भारत का स्वदेशी गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट आईएनएस सह्याद्रि 4 नवंबर को जापान पहुंच गया, जहाँ जापान की समुद्री आत्मरक्षा बल ने उसका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विज्ञापन

इस मौके पर योकोसुका जिले के कमांडेंट वाइस एडमिरल यागी कोजी और भारतीय मिशन के उप प्रमुख आर. मधु सुदन भी मौजूद थे। यह अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में इन चार देशों के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग और साझा रणनीतिक हितों को दर्शाता है। इसका मुख्य उद्देश्य आपसी तालमेल, युद्धक संचालन क्षमता और साझा रणनीतियों को और मजबूत करना है।

दो चरणों में होगा अभ्यास

मालाबार-2026 अभ्यास को दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहले बंदरगाह चरण में पेशेवर बातचीत, एक-दूसरे के अनुभवों का आदान-प्रदान और संयुक्त अभियानों के लिए योजना बनाने जैसी गतिविधियां शामिल होंगी। इसके बाद समुद्री चरण शुरू होगा, जिसमें आईएनएस सह्याद्रि अमेरिकी, ऑस्ट्रेलियाई और जापानी नौसेनाओं के युद्धपोतों के साथ मिलकर अभ्यास करेगा। इस दौरान नौसेनाओं को एक-दूसरे के संचालन के तरीकों को समझने और साथ काम करने की क्षमता को बढ़ाने का अवसर मिलेगा, जिससे आपसी विश्वास और सैन्य तालमेल बेहतर होगा।

बढ़ती रणनीतिक साझेदारी का प्रतीक

यह भागीदारी हिंद-प्रशांत क्षेत्र में मित्र देशों के साथ भारत की बढ़ती समुद्री साझेदारी और सहयोग को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। यह भारत के 'महासागर' (SAGAR - Security and Growth for All in the Region) विजन के भी अनुरूप है, जिसके तहत भारत क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा पर ज़ोर देता है।

हाल ही में फिलीपींस के सेबू में 13वीं आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (ADMM-Plus) के दौरान भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जापान, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया के अपने समकक्षों से मुलाकात की थी। इन बैठकों में क्षेत्रीय सुरक्षा, समुद्री सहयोग और रक्षा साझेदारी को मजबूत करने पर जोर दिया गया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →