दिल्ली: केजरीवाल का पूर्व सरकारी आवास 'शीशमहल' आम लोगों के लिए खुला, प्रवेश वर्मा ने साधा निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके अरविंद केजरीवाल का सिविल लाइंस स्थित पूर्व सरकारी आवास अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। शुक्रवार से लोग 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित इस बंगले को देख सकेंगे, जिसे लेकर…
दिल्ली के मुख्यमंत्री रह चुके अरविंद केजरीवाल का सिविल लाइंस स्थित पूर्व सरकारी आवास अब आम जनता के लिए खोल दिया गया है। शुक्रवार से लोग 6, फ्लैगस्टाफ रोड पर स्थित इस बंगले को देख सकेंगे, जिसे लेकर काफी राजनीतिक विवाद हुआ था। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा है कि अब अरविंद केजरीवाल का "असली सच" जनता के सामने आएगा।
प्रवेश वर्मा ने केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह वही व्यक्ति हैं जो एक कमरे के घर में रहने की बात करते थे, लेकिन कोरोना काल के दौरान उन्होंने इस "शीश महल" का निर्माण कराया। वर्मा ने कहा, "आज आपके कैमरा के माध्यम से पूरा देश केजरीवाल का सच देखेगा।" उन्होंने बंगले की भव्यता का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जब दिल्ली ऑक्सीजन के लिए तरस रही थी, तब केजरीवाल भ्रष्टाचार में लिप्त थे।
बंगले की भव्यता पर उठे सवाल
मंत्री प्रवेश वर्मा के अनुसार, इस आवास में कई देशों से सामान मंगाया गया है। उन्होंने कहा, "इस शीश महल में ऑटोमेटिक लिफ्ट लगाई गई हैं, वियतनाम से मार्बल मंगाया गया है, किसी और देश से कालीन मंगाई गई है, किसी और देश से टेबल मंगाई गई है और किसी अन्य देश से झूमर मंगाए गए हैं। 11-11 लाख के झूमर इस घर में लगे हैं।" उन्होंने इसे दिल्ली की जनता के पैसों से बनाया गया "शीश महल" बताया और कहा कि "करप्शन किंग का शीशमहल अब खुलने जा रहा है।"
विवादों में रहा है यह आवास
अरविंद केजरीवाल वर्ष 2015 से सितंबर 2024 तक इस सरकारी आवास में रहे थे। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद उन्होंने यह बंगला खाली कर दिया था। गौरतलब है कि फरवरी 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने ‘शीशमहल’ के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इससे पहले, भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में भी इस सरकारी आवास के नवीनीकरण पर हुए खर्च को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आई थीं।
इनपुट: IANS



