जमशेदपुर: पूजा पंडाल घूमने गए परिवार के सूने घर में बड़ी चोरी, 13.5 लाख के गहने और नकदी ले उड़े चोर
झारखंड के जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल होना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। जब परिवार महानवमी की रात पूजा पंडाल देखने गया हुआ था, तब चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बना लिया। समाचार…
झारखंड के जमशेदपुर में दुर्गा पूजा के उत्सव में शामिल होना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। जब परिवार महानवमी की रात पूजा पंडाल देखने गया हुआ था, तब चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बना लिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, चोर घर का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए।
यह घटना मानगो स्थित एमजीएम थाना क्षेत्र की हिल व्यू कॉलोनी में हुई। पीड़ित अनुपम ओझा ने पुलिस को बताया कि वह महानवमी की रात लगभग 12:30 बजे अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर दुर्गा पूजा उत्सव देखने निकले थे। जब वे बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे वापस लौटे, तो उन्होंने घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ पाया। अंदर सारा सामान अस्त-व्यस्त था और अलमारी भी टूटी हुई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर स्थानीय एमजीएम थाने के एसओ विकास सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि चोरों ने बंद घर और अंधेरे का फायदा उठाकर इस वारदात को अंजाम दिया है, जिससे अनुपम ओझा के परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। सिंह ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी गई है और चोरी का जल्द खुलासा कर सामान बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इलाके में हालिया दूसरी बड़ी घटना
यह घटना जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले में हुई एक डकैती के कुछ ही दिनों बाद हुई है। पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर की दरमियानी रात को चांडिल में आभूषण कारोबारी उमंग चौधरी के घर में अपराधियों ने धावा बोला था। हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बंधक बनाकर सोने-चांदी के गहनों, नकदी और अन्य कीमती सामान की लूटपाट की थी।
इनपुट: IANS



