शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
देश

पुंछ में सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन, आतंकवादियों के ठिकानों से IED और गोला-बारूद बरामद

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियानों में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। सेना ने एक खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों के दो ठिकानों को…

पुंछ में सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन, आतंकवादियों के ठिकानों से IED और गोला-बारूद बरामद
(फोटो: IANS)

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकवाद के खिलाफ जारी अभियानों में सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। सेना ने एक खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों के दो ठिकानों को नष्ट कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन ठिकानों से भारी मात्रा में संदिग्ध विस्फोटक उपकरण (आईईडी) और अन्य सामग्री जब्त की गई है।

विज्ञापन

यह कार्रवाई मेंढर सब-डिवीजन के सलानी इलाके में की गई। 156 टेरिटोरियल आर्मी से मिली एक पुख्ता सूचना पर 6 सेक्टर राष्ट्रीय राइफल्स के तहत स्थानीय राष्ट्रीय राइफल्स (37 आरआर) ने कसबालारी गांव के आसपास के इलाके में यह ऑपरेशन चलाया।

तलाशी में क्या-क्या मिला?

इस ऑपरेशन के दौरान सेना को कई संदिग्ध वस्तुएं मिलीं। बरामदगी में छह भूरे टेप से लिपटे और एक नीले टेप से लिपटा कंटेनर शामिल है, जिनके आईईडी होने का शक है। इनके अलावा, एक काला बैग, एक कॉम्बैट पाउच, 7.62 एमएम लाइट मशीन गन (एलएमजी) की एक मैगजीन और एक लोहे का काला डिब्बा भी बरामद हुआ, जिसे मैगजीन कंटेनर माना जा रहा है।

सुरक्षाबलों को मौके से एक एल्युमिनियम कंटेनर, दो पावर एडेप्टर, एक पावर सोर्स और एक टिफिन भी मिला है। यह सफलता ऐसे समय में मिली है जब सीमावर्ती जिले पुंछ में आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए लगातार सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।

हंदवाड़ा में भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 22 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा उप-मंडल में पुलिस ने एक आतंकी पोस्टर मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने जानकारी दी थी कि हंदवाड़ा थाना क्षेत्र में एक सार्वजनिक स्थान पर देश-विरोधी और भड़काऊ पोस्टर लगाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। इस मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी और 'ओवर ग्राउंड वर्कर्स' (ओजीडब्ल्यू) की संलिप्तता की जांच की जा रही है।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →