जम्मू-कश्मीर: बडगाम में लश्कर का आतंकी सुलेमान शाह ढेर, पहलगाम हमले का था मास्टरमाइंड
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा को मार गिराया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट में पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल संजय…
जम्मू-कश्मीर के बडगाम में सुरक्षाबलों ने एक बड़े ऑपरेशन में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा को मार गिराया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट में पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल संजय कुलकर्णी ने इस ऑपरेशन को एक बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने पुष्टि की कि पहलगाम आतंकी हमले में शामिल सभी आतंकवादी अब मारे जा चुके हैं।
यह एनकाउंटर बडगाम के युशमर्ग इलाके में हुआ। पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल कुलकर्णी के अनुसार, यह एक खुफिया जानकारी पर आधारित ऑपरेशन था, जिसे भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने मिलकर अंजाम दिया। आतंकी की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया गया और मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया गया।
कौन था सुलेमान शाह?
सुलेमान शाह उर्फ फौजी मूसा पाकिस्तान का रहने वाला था और उसे लश्कर-ए-तैयबा का मास्टरमाइंड माना जाता था। संजय कुलकर्णी ने बताया, "पहलगाम में जो आतंकी हमला हुआ था, जिसके बाद हमने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था और सौ घंटे से भी पहले दुश्मन ने घुटने टेक दिए थे, उसका मास्टरमाइंड यही था।" उन्होंने यह भी बताया कि मूसा का एक साथी करीब तीन हफ्ते पहले ही मारा गया था।
पहले 'ऑपरेशन महादेव' के दौरान भी सुलेमान शाह के मारे जाने की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में यह साफ हो गया था कि वह उस मुठभेड़ में नहीं मारा गया था।
पहलगाम हमले के पीड़ितों को राहत
कुलकर्णी ने इस ऑपरेशन को पहलगाम आतंकी हमले से प्रभावित परिवारों के लिए एक राहत की खबर बताया। उन्होंने कहा, "अब सुलेमान शाह मारा गया है... जितने भी परिवार पहलगाम आतंकी हमले से प्रभावित हुए थे, वे कम से कम आज चैन की सांस ले सकते हैं कि इस हमले में शामिल सभी आतंकी अब मारे जा चुके हैं। यह बहुत खुशी की बात है।"
उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए उसे "आतंक का सौदागर" बताया और कहा कि वह लगातार भारत में आतंकियों की घुसपैठ कराता है। कुलकर्णी ने कहा कि इस एनकाउंटर से यह स्पष्ट हो गया है कि मूसा पाकिस्तान का ही रहने वाला था।
इनपुट: IANS



