शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ा INDIA ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, गठबंधन के नेता इस मुद्दे को लेकर…

CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे पर अड़ा INDIA ब्लॉक, राष्ट्रपति भवन तक मार्च की तैयारी
(फोटो: IANS)

मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी INDIA ब्लॉक ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, गठबंधन के नेता इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालने और राष्ट्रपति से मुलाकात करने की योजना बना रहे हैं। नेताओं ने CEC पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल बर्खास्त करने की मांग की है।

विज्ञापन

विपक्षी दलों का आरोप है कि ज्ञानेश कुमार ने करोड़ों मतदाताओं के नाम सूची से हटाकर लोकतंत्र के साथ "गद्दारी" की है। कांग्रेस, RJD और CPI(M) समेत कई दलों के नेताओं ने कहा है कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, उनका संघर्ष और आंदोलन जारी रहेगा।

नेताओं ने लगाए गंभीर आरोप

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा, "हम राष्ट्रपति से मिलना चाहते हैं। संविधान की रक्षक राष्ट्रपति से हम लोग लोकतंत्र की रक्षा और मताधिकार की रक्षा के लिए मिलना चाहते हैं।" उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने CEC को "गद्दार और देशद्रोही" बताते हुए उन्हें तुरंत बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की। उन्होंने कहा, "हमारे नेता राहुल गांधी लगातार वोट की चोरी, प्रश्न पत्र लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं।"

इसी तरह की भावना व्यक्त करते हुए कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "यह जन आंदोलन बन चुका है, अब हर आदमी सवाल पूछने लगा है। आप 13 करोड़ लोगों के वोट काट दोगे, देश सवाल नहीं करेगा?"

"जब तक न्याय नहीं मिलता, लड़ाई चलेगी"

नेताओं ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन लंबा चलेगा। कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा, "ये जो वोट चोरी हुआ है, जब तक उन लोगों को न्याय न मिल जाए, तब तक ये लड़ाई चलेगी। तीन दिन नहीं, तीस दिन चलेगी, तीन हजार दिन चलेगी।" उन्होंने CEC से 13.5 करोड़ लोगों के काटे गए वोट को वापस जोड़ने की मांग की।

कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, "ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।" उन्होंने CEC पर 16 लाख नागरिकों के नाम वोटर लिस्ट से हटाने के लिए सुप्रीम कोर्ट जाने का भी आरोप लगाया। CPI(M) सांसद जॉन ब्रिटास ने भी कहा, "जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, हम जरा भी पीछे नहीं हटेंगे।" उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में छात्र और युवा भी इस प्रदर्शन में शामिल होंगे।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →