शनिवार, 15 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
शिक्षा

ISRO में साइंटिस्ट और इंजीनियर बनने का मौका, 92 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 17 अगस्त

अगर आप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक अहम जानकारी है। इसरो ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' के कुल 92 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं…

ISRO में साइंटिस्ट और इंजीनियर बनने का मौका, 92 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 17 अगस्त
(फोटो: IANS)

अगर आप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक अहम जानकारी है। इसरो ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' के कुल 92 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं और ऑनलाइन अप्लाई करने की अंतिम तिथि नजदीक आ रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 17 अगस्त को समाप्त हो जाएगी।

विज्ञापन

यह भर्ती इसरो के केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (ICRB) द्वारा की जा रही है, जिसमें ग्रुप 'ए' राजपत्रित और गैर-राजपत्रित, दोनों तरह के पद शामिल हैं। इच्छुक और योग्य उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम समय की किसी भी तकनीकी परेशानी से बचने के लिए इसरो की आधिकारिक वेबसाइट पर जल्द से जल्द अपनी आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।

पदों का विवरण और योग्यता

इसरो द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, कुल 92 रिक्तियों को विभिन्न शाखाओं में बांटा गया है। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए 34, मैकेनिकल के लिए 26, कंप्यूटर साइंस के लिए 13, सिविल के लिए 10, इलेक्ट्रिकल के लिए 4, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग के लिए 2, और आर्किटेक्चर के लिए 2 पद शामिल हैं। इसके अलावा, ऑटोनॉमस बॉडी (पीआरएल) के तहत सिविल का भी 1 पद है।

इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, एक वैध गेट (GATE) स्कोर होना भी अनिवार्य है।

आयु सीमा और चयन प्रक्रिया

आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि यानी 17 अगस्त के आधार पर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

योग्य उम्मीदवारों का चयन उनके वैध गेट स्कोर और दस्तावेजों के सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) के आधार पर किया जाएगा। चयनित होने पर उन्हें पे मैट्रिक्स के लेवल 10 के अनुसार 56,100 रुपए प्रति माह का वेतन और अन्य भत्ते मिलेंगे।

आवेदन शुल्क

आवेदन पत्र भरते समय सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 250 रुपये का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और बेंचमार्क दिव्यांग (PwBD) वर्ग के आवेदकों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social एजुकेशन डेस्क

News4Social एजुकेशन डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से शिक्षा से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →