ISRO में नौकरी का मौका: IPRC में टेक्निकल असिस्टेंट, टेक्नीशियन समेत 22 पदों के लिए आवेदन 15 सितंबर से
अगर आप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ जुड़कर अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक सुनहरा अवसर हो सकता है। इसरो के प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC) ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरी स्थि…
अगर आप भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ जुड़कर अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह आपके लिए एक सुनहरा अवसर हो सकता है। इसरो के प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स (IPRC) ने तमिलनाडु के महेंद्रगिरी स्थित अपनी यूनिट के लिए 22 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर, सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
इस भर्ती अभियान के तहत चयनित उम्मीदवार इसरो के महत्वपूर्ण लॉन्च व्हीकल और स्पेसक्राफ्ट कार्यक्रमों का हिस्सा बनेंगे। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अक्टूबर, शाम 4 बजे तक इसरो-आईपीआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
इसरो ने कुल 22 पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी किया है, जिनका विवरण इस प्रकार है:
- टेक्निकल असिस्टेंट: 5 पद (मैकेनिकल, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन)
- टेक्नीशियन ‘बी’: 12 पद (फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, इलेक्ट्रीशियन, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग)
- फायरमैन ‘ए’: 3 पद
- कुक ‘ए’: 1 पद
योग्यता और आयु सीमा
आवेदन करने के लिए अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग निर्धारित की गई है। टेक्निकल असिस्टेंट के लिए संबंधित ट्रेड में फर्स्ट क्लास डिप्लोमा, जबकि टेक्नीशियन ‘बी’ पदों के लिए 10वीं पास के साथ संबंधित ट्रेड में आईटीआई/एनटीसी/एनएसी प्रमाणपत्र होना आवश्यक है। कुक पद के लिए 10वीं पास के साथ 5 साल का अनुभव और फायरमैन पद के लिए 10वीं पास के साथ निर्धारित शारीरिक फिटनेस मानकों को पूरा करना अनिवार्य है।
आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष रखी गई है। पद के अनुसार अधिकतम आयु सीमा 25 से 35 वर्ष के बीच है, जिसकी गणना 5 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा और स्किल टेस्ट के आधार पर किया जाएगा। फायरमैन पद के लिए स्किल टेस्ट में शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल होगी। चयनित होने पर टेक्निकल असिस्टेंट को 44,900 से 1,42,400 रुपये, टेक्नीशियन ‘बी’ को 21,700 से 69,100 रुपये और कुक/फायरमैन को 19,900 से 63,200 रुपये प्रति माह का वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक उम्मीदवार इसरो-आईपीआरसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क टेक्निकल असिस्टेंट पद के लिए 750 रुपये और अन्य सभी पदों के लिए 500 रुपये निर्धारित है, जिसका भुगतान ऑनलाइन करना होगा।
इनपुट: IANS



