ISRO में साइंटिस्ट और इंजीनियर बनने का मौका, 92 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू
अगर आप इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं और देश के प्रतिष्ठित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में काम करने का सपना देखते हैं, तो यह अवसर आपके लिए है। इसरो ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' के कुल 92 पदों पर…
अगर आप इंजीनियरिंग ग्रेजुएट हैं और देश के प्रतिष्ठित भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में काम करने का सपना देखते हैं, तो यह अवसर आपके लिए है। इसरो ने साइंटिस्ट/इंजीनियर 'एससी' के कुल 92 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, ये भर्तियाँ इसरो के विभिन्न केंद्रों, यूनिटों और स्वायत्त निकायों के लिए की जाएँगी।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इसरो की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 17 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती प्रक्रिया इसरो के केंद्रीकृत भर्ती बोर्ड (ICRB) द्वारा संचालित की जा रही है, जिसमें ग्रुप 'ए' राजपत्रित और गैर-राजपत्रित, दोनों तरह के पद शामिल हैं।
पदों का विवरण और शैक्षणिक योग्यता
जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 92 रिक्तियों में सबसे ज़्यादा 34 पद इलेक्ट्रॉनिक्स, 26 मैकेनिकल, 13 कंप्यूटर साइंस, 10 सिविल, 4 इलेक्ट्रिकल, 2 रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग, और 2 आर्किटेक्चर के लिए हैं। इसके अलावा, एक पद स्वायत्त निकाय (PRL) में सिविल साइंटिस्ट/इंजीनियर का है।
इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। साथ ही, एक वैध GATE स्कोर होना भी अनिवार्य है।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि (17 अगस्त) के आधार पर होगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन उनके GATE स्कोर के आधार पर ही किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने पर, उन्हें पे मैट्रिक्स के लेवल 10 के अनुसार प्रतिमाह 56,100 रुपए वेतन और अन्य भत्ते दिए जाएँगे।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 250 रुपए का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और बेंचमार्क विकलांग (PwBD) उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से पूरी छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



