इजरायल: नई सरकार बनाने की ज़िम्मेदारी गादी आइजेनकोट को, नेतन्याहू के खेमे में सेंध लगाने की कोशिश
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए चुनावों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने के बाद अब नई सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने रविवार (8 नवंबर) को…
इजरायल में 27 अक्टूबर को हुए चुनावों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने के बाद अब नई सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने रविवार (8 नवंबर) को पूर्व सेना प्रमुख और विपक्षी नेता गादी आइजेनकोट को सरकार गठन का आधिकारिक जिम्मा सौंपा है। आइजेनकोट को 120 सदस्यीय संसद में 61 सांसदों का समर्थन जुटाने के लिए 28 दिनों का समय मिला है, जिसे 14 दिन और बढ़ाया जा सकता है।
जनादेश के बाद अब आइजेनकोट एक व्यापक राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने मौजूदा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी और वित्त मंत्री बेजलेल स्मोट्रिच की दक्षिणपंथी पार्टी 'रिलीजियस जायोनिज्म' को भी साथ आने का न्योता दिया है। हालांकि, उनकी शर्त है कि गठबंधन सरकार का नेतृत्व वह खुद करेंगे।
गठबंधन की राह में कई चुनौतियां
चुनाव में आइजेनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन को 48 सीटें मिली थीं, जबकि नेतन्याहू के गठबंधन ने 53 सीटों पर जीत हासिल की थी। दोनों ही गठबंधन बहुमत के जादुई आंकड़े 61 से दूर रह गए। इस गतिरोध को तोड़ने के लिए आइजेनकोट ने कहा, "देश गंभीर राजनीतिक और कूटनीतिक संकट से गुजर रहा है और इससे बाहर निकलने के लिए व्यापक राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने की जरूरत है।" उन्होंने इसे एक ऐसी आपात स्थिति बताया है, जहां से वापसी मुश्किल हो सकती है।
सरकार बनाने के इस गणित में अरब बहुल दलों की भूमिका अहम हो गई है, जिन्होंने आइजेनकोट को समर्थन देने पर सहमति जताई है। लेकिन, उनके अपने गठबंधन के कुछ सहयोगी अरब दलों के साथ सरकार बनाने के खिलाफ हैं। एक अन्य विकल्प अति-रूढ़िवादी यहूदी दलों का समर्थन हासिल करना है, लेकिन वे अपने समुदाय के लिए अनिवार्य सैन्य सेवा से छूट चाहते हैं, जबकि आइजेनकोट सभी के लिए समान सैन्य सेवा के पक्षधर हैं।
नेतन्याहू ने भी दिया प्रस्ताव
इस सियासी जोड़तोड़ के बीच, बेंजामिन नेतन्याहू ने भी आइजेनकोट के साथ एक राष्ट्रीय एकता सरकार बनाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, दोनों नेताओं के बीच सत्ता की साझेदारी को लेकर अभी कोई सहमति बनती नहीं दिख रही है।
इनपुट: IANS



