ईरान का बड़ा दावा: केशम द्वीप के ऊपर एक और अमेरिकी MQ-1 ड्रोन मार गिराया
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने शनिवार को दावा किया कि उसने अपने एक नए एयर-डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल कर केशम द्वीप के ऊपर एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया है…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (IRGC) ने शनिवार को दावा किया कि उसने अपने एक नए एयर-डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल कर केशम द्वीप के ऊपर एक अमेरिकी सैन्य ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया है। यह हाल के दिनों में इस तरह की दूसरी घटना है, जो क्षेत्र में बढ़ते तनाव को दर्शाती है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, IRGC के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान जारी कर बताया कि MQ-1 श्रेणी का एक अमेरिकी सैन्य निगरानी और लड़ाकू ड्रोन केशम द्वीप के हवाई क्षेत्र में देखा गया था। बयान में कहा गया है कि इसके बाद IRGC की एयरोस्पेस फोर्स ने अपनी उन्नत वायु रक्षा प्रणाली से ड्रोन को निशाना बनाकर नष्ट कर दिया।
लगातार दूसरी घटना
यह घटना ठीक एक दिन बाद हुई है जब ईरानी सेना की नौसेना ने शुक्रवार को होर्मोजगन प्रांत के सीरिक तट के पास स्थित कोहेस्ताक इलाके में एक अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को मार गिराने की घोषणा की थी। उस कार्रवाई को ईरान के एकीकृत वायु रक्षा कमांड नेटवर्क के तहत अंजाम दिया गया था।
ईरान की मेहर न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन की गतिविधियों पर पहले नज़र रखी गई और ट्रैक करने के बाद उसे एक नई वायु रक्षा प्रणाली से निशाना बनाया गया। बयान में कहा गया कि दुश्मन के ड्रोन की सफलतापूर्वक पहचान की गई और पीछा करने के बाद उसे मार गिराया गया।
अब तक 16 ड्रोन गिराने का दावा
IRGC के अनुसार, यह 16वां अमेरिकी MQ-1 ड्रोन है, जिसे ईरान ने मार गिराने का दावा किया है। बीते सप्ताह शुक्रवार को भी IRGC ने केशम द्वीप के ऊपर ही एक अमेरिकी MQ-1 ड्रोन को नष्ट करने का दावा किया था। अधिकारियों ने जोर देकर कहा है कि देश की वायु रक्षा प्रणाली अपने हवाई क्षेत्र और संवेदनशील इलाकों की लगातार निगरानी कर रही है और किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
इनपुट: IANS



