रेलवे प्रोजेक्ट्स के लिए इरकॉन में भर्ती: मैनेजर के 37 पदों के लिए वॉक-इन इंटरव्यू, ₹60,000 होगी सैलरी
अगर आपके पास इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री और संबंधित क्षेत्र में काम का अनुभव है, तो इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Ircon) में आपके लिए एक शानदार अवसर है। कंपनी ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के…
अगर आपके पास इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की डिग्री और संबंधित क्षेत्र में काम का अनुभव है, तो इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड (Ircon) में आपके लिए एक शानदार अवसर है। कंपनी ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के प्रोजेक्ट्स के लिए मैनेजर/इलेक्ट्रिकल के 37 पदों पर अनुबंध के आधार पर भर्ती निकाली है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन पदों के लिए चयन सीधे वॉक-इन इंटरव्यू के जरिए किया जाएगा।
चयनित उम्मीदवारों को प्रति माह 60,000 रुपये वेतन के साथ अन्य भत्ते और लाभ भी मिलेंगे। इरकॉन द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 37 रिक्तियों में से 13 पद सामान्य वर्ग के लिए, 11 ओबीसी, 7 एससी, 3 एसटी और 3 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए आरक्षित हैं।
पात्रता और अनुभव से जुड़ी शर्तें
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में न्यूनतम 60% अंकों के साथ फुल-टाइम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, रेलवे, मेट्रो रेल या पावर ट्रांसमिशन/डिस्ट्रीब्यूशन जैसे क्षेत्रों में इलेक्ट्रिकल कंस्ट्रक्शन, इंस्टॉलेशन, टेस्टिंग और कमीशनिंग का कम से कम 5 साल का अनुभव भी अनिवार्य है। रेलवे OHE, पावर सप्लाई, स्काडा या इलेक्ट्रिकल यूटिलिटी डायवर्जन का अनुभव रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी।
आयु सीमा और चयन प्रक्रिया
आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित श्रेणियों के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, दस्तावेजों के सत्यापन, मेडिकल मानकों और मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा।
इंटरव्यू की तारीख और पता
इच्छुक उम्मीदवार अपने भरे हुए आवेदन पत्र और सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल व फोटोकॉपी के साथ सीधे इंटरव्यू के लिए पहुंच सकते हैं। इंटरव्यू दो अलग-अलग शहरों में आयोजित किए जाएंगे:
- कोलकाता: 19 और 20 नवंबर को सुबह 10 बजे से, 'इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड, पूर्वी क्षेत्र - 378, प्रांतिक पल्ली, कासबा, 47बी बस स्टैंड के पास, कोलकाता-700107' पते पर।
- गुवाहाटी: 23 नवंबर को सुबह 10 बजे से, 'इरकॉन इंटरनेशनल लिमिटेड, हाउस नंबर - 6, दूसरी मंजिल, कोयल होटल के सामने, विवेकानन्द पथ, उलुबारी, गुवाहाटी, असम - 781007' पते पर।
ध्यान दें: इंटरव्यू के लिए पंजीकरण सुबह 9:30 बजे शुरू होगा और दोपहर 1:00 बजे तक ही चलेगा। आवेदन पत्र इरकॉन की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी अधिसूचना से डाउनलोड किया जा सकता है।
इनपुट: IANS



