यूपी विधानसभा चुनाव: INDIA गठबंधन सभी 403 सीटों पर एक साथ लड़ेगा, शीर्ष नेतृत्व करेगा फैसला
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव के लिए INDIA गठबंधन ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। गठबंधन राज्य की सभी 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने समाचार एजेंसी IANS से…
उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव के लिए INDIA गठबंधन ने अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। गठबंधन राज्य की सभी 403 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेगा। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में कहा कि सीटों के बंटवारे और उम्मीदवारों के चयन का अंतिम निर्णय गठबंधन का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
राजपूत के अनुसार, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मिलकर यह तय करेंगे कि कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि फिलहाल सीटों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण चुनाव में जीत हासिल करना है।
सीट नहीं, जीत पर फोकस
गठबंधन की रणनीति के बारे में बताते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि उम्मीदवार किसी भी सहयोगी दल के चुनाव चिह्न पर मैदान में उतर सकता है, लेकिन गठबंधन के सभी दल उसे जिताने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होंने बताया कि मजबूत और जिताऊ उम्मीदवारों को लेकर भी गठबंधन के भीतर आपसी चर्चा होगी, जिसके बाद चुनाव चिह्न पर सहमति बनाई जाएगी।
बसपा पर साधा निशाना
इस दौरान सुरेंद्र राजपूत ने बहुजन समाज पार्टी की मौजूदा स्थिति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बसपा प्रमुख मायावती पर पार्टी को ‘म्यूजिकल चेयर’ की राजनीति में बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने यह भी दावा किया कि "बहुजन मिशन अब बसपा से अलग होकर राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के साथ खड़ा है।"
चंदे के हिसाब पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रवक्ता ने पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की उज्जैन से अयोध्या तक की यात्रा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह इस यात्रा के माध्यम से चंदा और चढ़ावे का हिसाब मांग रहे हैं। राजपूत ने कुंभ मेले में मिले चढ़ावे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि यदि करोड़ों श्रद्धालुओं ने औसतन 200 रुपए भी दान किए हों तो यह राशि हजारों करोड़ तक पहुंच सकती है, जबकि बैंक में जमा राशि काफी कम बताई गई है। उन्होंने इस धनराशि का पूरा हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की।
इनपुट: IANS



