IIT दिल्ली में रिसर्च एसोसिएट और असिस्टेंट के 9 पदों पर मौका, 13 अक्टूबर तक भेजें आवेदन
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर है। संस्थान ने अपने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में अनुबंध के आधार पर 9 पदों के लिए भर्तियाँ निकाली…
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), दिल्ली में नौकरी के इच्छुक उम्मीदवारों के लिए एक अच्छा अवसर है। संस्थान ने अपने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में अनुबंध के आधार पर 9 पदों के लिए भर्तियाँ निकाली हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 28 सितंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 13 अक्टूबर की शाम 5 बजे तक अप्लाई कर सकते हैं।
इन रिक्तियों में रिसर्च एसोसिएट और जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) के पद शामिल हैं। योग्य उम्मीदवारों का चयन आवेदनों की स्क्रीनिंग और ऑनलाइन इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा।
पदों का विवरण और वेतन
कुल 9 पदों में रिसर्च एसोसिएट (II) के 2, रिसर्च एसोसिएट (I) के 3 और जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) के 4 पद हैं। चयनित उम्मीदवारों को मिलने वाला वेतन इस प्रकार होगा:
- रिसर्च एसोसिएट: ₹58,000 से ₹61,000 प्रति माह
- जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल): ₹29,290 से ₹38,220 प्रति माह
इसके अलावा, उम्मीदवारों को अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएँगे।
शैक्षणिक योग्यता और अनुभव
अलग-अलग पदों के लिए पात्रता मानदंड भी अलग रखे गए हैं। रिसर्च एसोसिएट पदों के लिए उम्मीदवार के पास पीएचडी/एमडी/एमएस/एमडीएस या समकक्ष डिग्री के साथ रिसर्च, टीचिंग और डिजाइन डेवलपमेंट में 3 साल का अनुभव होना चाहिए। वहीं, जूनियर प्रोजेक्ट असिस्टेंट (टेक्निकल) पद के लिए संबंधित विषय में तीन साल का डिप्लोमा या ग्रेजुएशन या फिर संबंधित ट्रेड में आईटीआई (2 वर्षीय कोर्स) के साथ 6 साल का कार्य अनुभव अनिवार्य है।
आवेदन कैसे करें?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को IIT दिल्ली की आधिकारिक वेबसाइट से एप्लीकेशन फॉर्म डाउनलोड करना होगा। फॉर्म को भरकर, जरूरी दस्तावेज़ों के साथ स्कैन करके एक सिंगल PDF फाइल बनानी होगी। इस PDF फाइल को नोटिफिकेशन में दी गई आधिकारिक ईमेल आईडी पर 13 अक्टूबर की शाम 5 बजे से पहले भेजना होगा।
इनपुट: IANS



