ICAI में ब्रांच इंचार्ज बनने का मौका, 129 पदों के लिए आवेदन की आखिरी तारीख 19 जुलाई
अगर आपके पास बैंकिंग क्षेत्र में काम करने का अनुभव है और आप एक नई नौकरी की तलाश में हैं, तो यह अवसर आपके लिए हो सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने देश भर में ब्रांच…
अगर आपके पास बैंकिंग क्षेत्र में काम करने का अनुभव है और आप एक नई नौकरी की तलाश में हैं, तो यह अवसर आपके लिए हो सकता है। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने देश भर में ब्रांच इंचार्ज (शाखा प्रभारी) के 129 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया 3 जुलाई से शुरू हो चुकी है और इसकी अंतिम तिथि 19 जुलाई 2024 है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ICAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आखिरी तारीख से पहले अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। सभी वर्गों के आवेदकों के लिए 250 रुपये का आवेदन शुल्क निर्धारित किया गया है, जिसका भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा।
पात्रता और आयु सीमा
इन पदों पर आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से किसी भी विषय में ग्रेजुएट होना अनिवार्य है। इसके साथ ही, योग्यता पूरी करने के बाद बैंक में कम से कम 5 साल काम करने का अनुभव भी मांगा गया है। आयु सीमा की बात करें तो आवेदकों की उम्र 30 जून 2024 तक न्यूनतम 27 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और पदों का विवरण
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा, जिसमें कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), इंटरव्यू, स्किल टेस्ट और आखिर में दस्तावेज़ों का सत्यापन (Document Verification) शामिल है। अंतिम रूप से चुने गए उम्मीदवारों का वेतन ICAI के नियमों के अनुसार तय होगा।
ICAI ने ये रिक्तियां अपने पांच क्षेत्रीय परिषदों में निकाली हैं। कुल 129 पदों का क्षेत्र-वार विवरण इस प्रकार है:
- मध्य भारत (CIRC): 42 पद
- पूर्वी भारत (EIRC): 7 पद
- उत्तरी भारत (NIRC): 20 पद
- दक्षिणी भारत (SIRC): 31 पद
- पश्चिमी भारत (WIRC): 31 पद
इनपुट: IANS



