स्पेन: कैटालोनिया के जंगलों में भीषण आग, 2300 हेक्टेयर क्षेत्र नष्ट, 10,000 लोग प्रभावित
स्पेन के उत्तरपूर्वी कैटालोनिया क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग बेकाबू होती जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में अब तक 2,300 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो चुका है और गि
स्पेन के उत्तरपूर्वी कैटालोनिया क्षेत्र में जंगलों में लगी भीषण आग बेकाबू होती जा रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा में अब तक 2,300 हेक्टेयर वन क्षेत्र जलकर राख हो चुका है और गिरोना प्रांत के कई इलाकों से लगभग 10,000 निवासियों को या तो सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है या फिर उन्हें घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं।
तेज हवाओं के कारण आग तेजी से फैलकर पास के एक प्राकृतिक अभयारण्य तक पहुंच गई है। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर कई सड़कें अस्थायी रूप से बंद कर दी हैं। हालांकि, समाचार एजेंसी सिंन्हुआ के अनुसार एक राहत की बात यह है कि सभी निवासी सुरक्षित हैं।
बड़े पैमाने पर बचाव और राहत कार्य
आग पर काबू पाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। स्थानीय अग्निशमन सेवाओं ने 400 से अधिक दमकलकर्मियों को तैनात किया है, जिनकी मदद के लिए कई हेलीकॉप्टर और अग्निशमन विमान भी लगाए गए हैं। स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट (यूएमई) ने भी बचाव कार्य में सहयोग के लिए 200 सैनिकों और 60 वाहनों को भेजा है। यूएमई ने पूर्वोत्तर आरागॉन क्षेत्र में एक अन्य आग बुझाने के अभियान में भी 100 से अधिक कर्मियों और लगभग 40 वाहनों को जुटाया है।
आग लगने का कारण और गिरफ्तारी
स्पेनिश मीडिया ने स्थानीय पुलिस के हवाले से बताया है कि इस मामले में आगजनी के संदेह में एक मजदूर को हिरासत में लिया गया है। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि आग संभवतः सड़क निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही किसी मशीनरी से लगी होगी। गिरोना क्षेत्र में अग्निशमन अभियान के प्रमुख फेरान गार्सिया ने स्थिति की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि आग बुझाने की क्षमता दमकलकर्मियों की क्षमता से परे हो सकती है, और उनकी प्राथमिकता नुकसान को कम से कम करना है।
गौरतलब है कि लंबे समय से जारी रिकॉर्ड तोड़ तापमान और सूखे की स्थिति के कारण दक्षिणी यूरोप के कई हिस्से, जिनमें फ्रांस और स्पेन शामिल हैं, जंगल की आग की चपेट में हैं। फ्रांस में भी भूमध्य सागर तट पर आग बुझाने के लिए गुरुवार को लगभग 2,000 दमकलकर्मियों को तैनात किया गया था।
इनपुट: IANS



