बेंगलुरु: पति की हत्या कर बताई हार्ट अटैक की कहानी, पत्नी और प्रेमी गिरफ़्तार
बेंगलुरु में पुलिस ने एक ऐसी हत्या की गुत्थी सुलझाई है, जिसे दिल का दौरा बताकर छिपाने की कोशिश की गई थी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके…
बेंगलुरु में पुलिस ने एक ऐसी हत्या की गुत्थी सुलझाई है, जिसे दिल का दौरा बताकर छिपाने की कोशिश की गई थी। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को पति की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कत्ल को बाथरूम में फिसलकर गिरने से हुए हार्ट अटैक का रूप देने की कोशिश की थी, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने उनकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
यह मामला इलेक्ट्रॉनिक सिटी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के बेट्टादासनपुरा मेन रोड का है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि पूरी घटना 12 अक्टूबर को सामने आई जब मृतक के भाई ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया था कि उनके बड़े भाई बाथरूम जाते समय फिसल गए और दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मृत्यु (UDR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
साजिश का खुलासा
जांच में निर्णायक मोड़ तब आया जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस की तफ्तीश ने मौत के असली कारणों पर शक पैदा किया। इसके बाद पुलिस ने 5 नवंबर को एक आरोपी (प्रेमी) को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ में उसने मृतक की पत्नी के साथ अपने अवैध संबंधों की बात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक, मृतक को अपनी पत्नी के रिश्ते के बारे में पता चल गया था और उसने दोनों को चेतावनी भी दी थी। आरोपियों को लगा कि वह उनके रिश्ते में बाधा बन रहा है, इसलिए उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।
ऐसे दिया हत्या को अंजाम
आरोपी ने कबूल किया कि 12 अक्टूबर की सुबह उन्होंने गला घोंटकर और नाक-मुंह बंद करके व्यक्ति की हत्या कर दी। हत्या को छिपाने के लिए, उन्होंने परिवार वालों और अन्य लोगों को बाथरूम में फिसलकर गिरने और हार्ट अटैक आने की झूठी कहानी सुनाई।
पहले आरोपी के कबूलनामे के बाद, पुलिस ने 6 नवंबर को मृतक की पत्नी को भी हिरासत में ले लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद, पुलिस ने अप्राकृतिक मौत के मामले को हत्या के मामले में बदल दिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उन्हें सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



