अमेरिका में जानलेवा गर्मी का क़हर, 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के बीच दो दर्जन से ज़्यादा मौतें
अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगाँठ का जश्न मना रहा था, लेकिन इसी दौरान देश के बड़े हिस्से में चली भीषण हीट वेव ने दो दर्जन से ज़्यादा लोगों की जान ले ली। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी त
अमेरिका अपनी 250वीं वर्षगाँठ का जश्न मना रहा था, लेकिन इसी दौरान देश के बड़े हिस्से में चली भीषण हीट वेव ने दो दर्जन से ज़्यादा लोगों की जान ले ली। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी तट से लेकर दक्षिण-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्रों तक गर्मी का प्रकोप देखने को मिला, जिससे कई राज्यों में तापमान ने नए रिकॉर्ड बनाए।
सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्यों में से एक न्यू जर्सी रहा, जहाँ गर्मी के कारण कम से कम 29 लोगों की मौत होने का अनुमान है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक़, ये मौतें राज्य की 10 अलग-अलग काउंटियों में दर्ज की गईं। अधिकारियों ने बताया कि ज़्यादातर मृतक ऐसे घरों में पाए गए जहाँ एयर कंडीशनिंग की सुविधा नहीं थी। न्यू जर्सी के स्वास्थ्य आयुक्त रेनार्ड वॉशिंगटन ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मरने वालों में सिर्फ़ बुज़ुर्ग ही नहीं, बल्कि कुछ युवा वयस्क भी शामिल थे।
रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और उसका प्रभाव
यह हीट वेव पिछले 14 वर्षों में सबसे लंबी और तीव्र मानी जा रही है। न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "अमेरिका में मौसम से जुड़ी मौतों का सबसे बड़ा कारण भीषण गर्मी है।" फॉक्स फोरकास्ट सेंटर के आँकड़ों के मुताबिक, 20 से ज़्यादा राज्यों में तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। 30 जून से 5 जुलाई के बीच, अधिकतम तापमान के कम से कम 148 नए दैनिक रिकॉर्ड बने।
अलग-अलग शहरों से भी गर्मी से जुड़ी मौतों की ख़बरें आईं। शिकागो में कुक काउंटी मेडिकल एग्जामिनर कार्यालय के रिकॉर्ड के अनुसार, हालिया गर्मी की लहर से चार लोगों की मौत हुई। वहीं, मिसिसिपी की हिंड्स काउंटी में एक 83 वर्षीय महिला की मौत अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आने से हो गई, जब वह अपने घर के पास बगीचे में गिर गईं।
जश्न के रंग में पड़ा भंग
भीषण गर्मी का असर अमेरिका की 250वीं वर्षगाँठ के समारोहों पर भी पड़ा। राजधानी वॉशिंगटन डी.सी. में 4 जुलाई का दिन अब तक का सबसे गर्म स्वतंत्रता दिवस रहा, जहाँ तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया। एनबीसी न्यूज़ के अनुसार, नेशनल मॉल में आयोजित 'ग्रेट अमेरिकन स्टेट फेयर' को शुक्रवार को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा, क्योंकि आपातकालीन कर्मियों को गर्मी से संबंधित बीमारियों के कारण 44 लोगों का इलाज करना पड़ा, जिनमें से 11 को अस्पताल ले जाना पड़ा। गर्मी के कारण शनिवार को होने वाली वॉशिंगटन डी.सी. की स्वतंत्रता दिवस परेड समेत कई अन्य कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए।
अन्य शहरों में भी गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़े। फिलाडेल्फिया में लगातार तीन दिनों तक तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस या उससे ज़्यादा दर्ज किया गया, जो मौसम का रिकॉर्ड रखे जाने के बाद पहली बार हुआ है। अटलांटिक सिटी में शनिवार को पारा 41.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया, जिससे शहर के इतिहास के सबसे गर्म दिन के रिकॉर्ड की बराबरी हो गई। न्यूयॉर्क शहर में भी पिछले हफ़्ते सैकड़ों लोगों को गर्मी की वजह से इमरजेंसी रूम में भर्ती कराना पड़ा।
इनपुट: IANS



