गुरूवार, 23 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका में चलेगा मुकदमा, 2027 में होगी सुनवाई

अमेरिकी अदालत ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ चल रहे मामले में सुनवाई की तारीख तय कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, न्यूयॉर्क की एक अदालत में जज…

वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर अमेरिका में चलेगा मुकदमा, 2027 में होगी सुनवाई
(फोटो: IANS)

अमेरिकी अदालत ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस के खिलाफ चल रहे मामले में सुनवाई की तारीख तय कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, न्यूयॉर्क की एक अदालत में जज एल्विन हेलरस्टीन ने फैसला सुनाया कि यह ट्रायल 1 जून, 2027 से शुरू होगा।

विज्ञापन

यह फैसला दोनों पक्षों के वकीलों की सहमति के बाद बुधवार को हुई 15 मिनट की सुनवाई के दौरान लिया गया। मादुरो और उनकी पत्नी पर ड्रग तस्करी सहित कई गंभीर आरोप हैं, जिनसे उन्होंने इनकार किया है। उन्होंने 5 जनवरी को अपनी पहली पेशी में खुद को बेकसूर बताया था।

सॉवरेन इम्यूनिटी की दलील

मादुरो के वकील, बैरी पोलाक ने कहा है कि वे सबसे पहले 'सॉवरेन इम्यूनिटी' यानी राष्ट्राध्यक्ष को मिली छूट के आधार पर इन आरोपों को चुनौती देंगे। उन्होंने कहा कि अगर यह दलील सफल रहती है, तो मादुरो को केस आगे नहीं लड़ना पड़ेगा।

मामले की पृष्ठभूमि 3 जनवरी की एक घटना से जुड़ी है, जब अमेरिकी सैन्य बलों ने वेनेजुएला में एक ऑपरेशन कर मादुरो और उनकी पत्नी को उनके काराकस स्थित घर से पकड़ा था। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार्रवाई की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कड़ी आलोचना हुई थी। पकड़े जाने के बाद से ही दोनों को न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।

कानूनी फीस पर विवाद

सुनवाई के दौरान मादुरो के वकील ने जज पर केस खारिज करने का दबाव भी बनाया। उनकी दलील थी कि अमेरिका वेनेजुएला सरकार के फंड को रोककर मादुरो के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन कर रहा है, क्योंकि इससे उनकी कानूनी फीस का भुगतान नहीं हो पा रहा है। हालांकि, जज ने केस खारिज करने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने वाशिंगटन द्वारा फंड रोके जाने की वैधता पर संदेह जरूर जताया।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →