वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी, राहत कार्यों की करेंगे समीक्षा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बाढ़ प्रभावित वाराणसी के दौरे पर हैं। इस दौरान वे गंगा और वरुणा नदियों के बढ़े जलस्तर से उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लेंगे और प्रभावित लोगों के…
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बाढ़ प्रभावित वाराणसी के दौरे पर हैं। इस दौरान वे गंगा और वरुणा नदियों के बढ़े जलस्तर से उत्पन्न हुई स्थिति का जायजा लेंगे और प्रभावित लोगों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्यमंत्री राहत शिविरों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात भी करेंगे।
अपने इस दौरे पर सीएम योगी अधिकारियों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक करेंगे। इस बैठक में मंडल आयुक्त एस. राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र झा भी मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के विद्या बिहार इंटर कॉलेज जाएंगे, जहां वे बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे और उन्हें राहत सामग्री वितरित करेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हवाई सर्वेक्षण के जरिए भी बाढ़ की स्थिति का आकलन कर सकते हैं और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे सकते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भी लिया था जायजा
इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बाढ़ की स्थिति पर स्थानीय प्रशासन से जानकारी ली थी। उन्होंने महापौर अशोक तिवारी और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार से फोन पर बात कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की थी। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि राहत शिविरों में लोगों को हरसंभव मदद तत्काल उपलब्ध कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें किसी भी तरह की असुविधा न हो।
अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ काशी के कोतवाल कहे जाने वाले कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे। इसके बाद वे बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
इनपुट: IANS



