स्पेन रेल हादसा: 68 लोगों की मौत पर UN प्रमुख ने जताया शोक, प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश
स्पेन के मध्य क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए एक भीषण ट्रेन हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और 180 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने…
स्पेन के मध्य क्षेत्र में बुधवार सुबह हुए एक भीषण ट्रेन हादसे में कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और 180 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक घटना पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गहरा दुख व्यक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, महासचिव ने पीड़ितों के परिवारों, स्पेन की जनता और सरकार के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।
यह दुर्घटना टोलेडो प्रांत में मैड्रिड-सेविले रेल लाइन पर उस समय हुई, जब एक हाई-स्पीड ट्रेन ने उसी ट्रैक पर खड़ी एक दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। प्रारंभिक रिपोर्टों में बताया गया है कि सरकारी रेलवे कंपनी रेन्फे की ट्रेन ने एक निजी कंपनी इर्यो की खड़ी वाणिज्यिक ट्रेन को टक्कर मारी थी।
जांच और जवाबदेही का आश्वासन
हादसे के बाद स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। उन्होंने दुर्घटनास्थल के पास बनाए गए आपातकालीन नियंत्रण केंद्र से राष्ट्र को संबोधित करते हुए आश्वासन दिया कि घटना की न्यायिक और तकनीकी जांच कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री सांचेज ने स्पष्ट किया कि सरकार दुर्घटना के कारणों की तह तक जाएगी। उन्होंने कहा, "हम इस हादसे की तह तक जाएंगे।" उनके मुताबिक, "यदि मानवीय त्रुटि, परिचालन संबंधी लापरवाही या स्वचालित सुरक्षा प्रणाली में तकनीकी खामी सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" उन्होंने यह भी कहा कि यदि सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक या लापरवाही पाई गई तो ज़िम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
बचाव कार्य और तत्काल सहायता
प्रधानमंत्री ने बताया कि इस त्रासदी ने पूरे देश को प्रभावित किया है और पूरा स्पेन शोक में है। उन्होंने कहा कि फिलहाल बचाव दलों का मुख्य ध्यान ट्रेन में फंसे लोगों को बाहर निकालने, प्रभावित परिवारों की मदद करने और घायलों को तत्काल चिकित्सा व मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। इस बीच, रेल सुरक्षा नियामकों और जांच एजेंसियों ने यह पता लगाने के लिए औपचारिक जांच शुरू कर दी है कि दो हाई-स्पीड यात्री ट्रेनें एक ही ट्रैक पर कैसे आ गईं।
इनपुट: IANS



