बेंगलुरु: फाइव-स्टार होटल के पूल में करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की दर्दनाक मौत
बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित फाइव-स्टार होटल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ स्विमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
बेंगलुरु के एक प्रतिष्ठित फाइव-स्टार होटल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ स्विमिंग पूल में करंट फैलने से दो विदेशी नागरिकों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे हलासुरू स्थित होटल की तीसरी मंजिल पर बने पूल में हुआ। मृतकों की पहचान जर्मनी के 57 वर्षीय अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस और स्लोवाकिया के 45 वर्षीय जुराज होर्वाथ के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि होटल के इलेक्ट्रिकल सिस्टम में किसी खराबी के कारण पूल के पानी में बिजली का करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। इस हादसे ने होटल में सुरक्षा और रखरखाव के मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बचाने की कोशिश में दो अन्य घायल
जब अलेक्जेंडर और जुराज पूल में करंट की चपेट में आए, तो उन्हें बचाने के लिए दो लोग आगे बढ़े, लेकिन वे खुद भी घायल हो गए। इनमें एक 41 वर्षीय अमेरिकी पर्यटक मैथ्यू डीसैंटिस और होटल के 28 वर्षीय लाइफगार्ड राहुल तिवारी शामिल हैं। समाचार के अनुसार, दोनों घायलों को इलाज के लिए मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज
इस घटना के बाद, मृतक जुराज होर्वाथ की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने होटल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। बैंगलोर इलेक्ट्रिसिटी सप्लाई कंपनी लिमिटेड (BESCOM) के अधिकारियों ने शुरुआती जांच में आशंका जताई है कि स्विमिंग पूल से जुड़े इलेक्ट्रिकल सिस्टम में अर्थिंग की समस्या या कोई अन्य तकनीकी खामी हो सकती है। फिलहाल, जांच अधिकारी इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि पानी में करंट कैसे फैला और क्या होटल में सुरक्षा के पर्याप्त उपाय मौजूद थे। पुलिस पूरी घटना के क्रम और इसके लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



