अभिनेता विजय की पार्टी TVK में अंदरूनी कलह, चेन्नई में 25 से ज्यादा पदाधिकारियों ने छोड़ा साथ
अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को चेन्नई में एक बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। पार्टी के 25 से अधिक स्थानीय पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर तमिलनाडु की…
अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को चेन्नई में एक बड़ा संगठनात्मक झटका लगा है। पार्टी के 25 से अधिक स्थानीय पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देकर तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) का दामन थाम लिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इन नेताओं ने पार्टी में अपनी लगातार उपेक्षा को इस्तीफे की वजह बताया है।
DMK में शामिल होने वाले इस समूह का नेतृत्व पुजुथिवक्कम के वार्ड-186 इकाई के पूर्व संयुक्त सचिव संतोष कर रहे थे। उन्होंने मीडिया को बताया कि उनके वार्ड के लगभग 30 सदस्यों ने यह कदम उठाया है। उनके साथ वार्ड युवा विंग के संयोजक शिवनेसन और क्षेत्रीय कोषाध्यक्ष कार्तिक समेत कई अन्य जमीनी कार्यकर्ता भी TVK छोड़कर चले गए हैं।
लगातार उपेक्षा और असंतोष का आरोप
संतोष ने आरोप लगाया कि TVK में पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा था, जबकि हाल ही में पार्टी से जुड़े लोगों को ज़्यादा महत्व और ज़िम्मेदारियाँ दी जा रही थीं। उन्होंने कहा, “वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कई बार अपनी शिकायतें पार्टी नेतृत्व के सामने रखीं, लेकिन उन पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।”
इस्तीफा देने वाले नेताओं के अनुसार, वर्षों तक संगठन के लिए मेहनत करने के बावजूद उन्हें न तो उचित सम्मान मिला और न ही कोई महत्वपूर्ण भूमिका दी गई, जिसके चलते उन्होंने यह फैसला लिया। संतोष ने यह भी कहा कि वह अभिनेता विजय के प्रति आकर्षण के कारण TVK में शामिल हुए थे, लेकिन पार्टी समर्पित कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी।
DMK ने किया स्वागत
इन सभी नेताओं का DMK में शामिल होने का कार्यक्रम रविवार को सैदापेट में आयोजित किया गया। इस अवसर पर DMK के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मा. सुब्रमणियन ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में औपचारिक रूप से स्वागत किया। संतोष ने विश्वास जताया कि DMK के मंच से वे जनता के लिए अधिक प्रभावी ढंग से काम कर पाएंगे। यह घटनाक्रम तमिलनाडु में TVK और DMK के बीच बढ़ती राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को दर्शाता है।
इनपुट: IANS



