अमेरिकी टेक्नोलॉजी दुश्मन देशों तक नहीं पहुंचने देंगे: टॉप पद के लिए नॉमिनेटेड एबी वॉरेन का वादा
चीन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड सेमीकंडक्टर को लेकर बढ़ती वैश्विक होड़ के बीच, अमेरिकी निर्यात नियंत्रण विभाग के एक शीर्ष पद के लिए नामांकित प्रत्याशी ने सख्त रुख अपनाने का वादा…
चीन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एडवांस्ड सेमीकंडक्टर को लेकर बढ़ती वैश्विक होड़ के बीच, अमेरिकी निर्यात नियंत्रण विभाग के एक शीर्ष पद के लिए नामांकित प्रत्याशी ने सख्त रुख अपनाने का वादा किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एबी वॉरेन ने कहा है कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगी कि अमेरिका की सबसे संवेदनशील और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल दुश्मनों के सैन्य मंसूबों को पूरा करने में न हो।
कॉमर्स डिपार्टमेंट के तहत आने वाले ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS) में एक्सपोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन के असिस्टेंट सेक्रेटरी पद के लिए वॉरेन को नॉमिनेट किया गया है। सीनेट की बैंकिंग कमेटी के सामने अपनी नियुक्ति की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा कि निर्यात पर नियंत्रण (Export Control) आज वॉशिंगटन के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय सुरक्षा उपकरणों में से एक है।
राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी बढ़त का सवाल
सुनवाई के दौरान कई प्रमुख सीनेटरों ने इस पद के रणनीतिक महत्व को रेखांकित किया। कमेटी के चेयरमैन टिम स्कॉट ने जोर देकर कहा कि निर्यात नियंत्रण से "संवेदनशील अमेरिकी टेक्नोलॉजी को हमारे दुश्मनों के हाथों में जाने से रोकने" में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि यह तय करना ज़रूरी है कि "ग्लोबल AI की दौड़ में जीत अमेरिका की हो, न कि चीन की।" वहीं, सीनेटर टेड क्रूज ने वॉरेन का परिचय देते हुए कहा कि अमेरिका "आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में कौन आगे रहेगा, इस मामले में चीन के साथ होड़" में है और सही नेतृत्व से देश को फायदा होगा।
अपने बयान में वॉरेन ने सांसदों को भरोसा दिलाया, "ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी, अमेरिका की नेशनल सिक्योरिटी, इकोनॉमिक सिक्योरिटी और बेजोड़ टेक्नोलॉजिकल अचीवमेंट और साइंटिफिक इनोवेशन की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाता है।"
कानून का पालन और सहयोगियों के साथ समन्वय
एबी वॉरेन ने कहा कि तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी और वैश्विक सप्लाई चेन को देखते हुए एक लचीली नियामक प्रणाली की जरूरत है, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ मिलकर काम करे। उन्होंने कहा, "यदि मेरी नियुक्ति की पुष्टि हो जाती है, तो मैं कांग्रेस द्वारा पारित कानूनों का निष्ठापूर्वक पालन करूंगी।"
सांसदों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने 'एक्सपोर्ट कंट्रोल रिफॉर्म एक्ट' का हवाला दिया और कहा कि उनका नजरिया हमेशा कानून पर आधारित होगा। जब चीन द्वारा एक कथित खामी का फायदा उठाकर एडवांस्ड नविडिया (Nvidia) और एएमडी (AMD) चिप्स आयात करने की रिपोर्ट पर सवाल पूछा गया, तो वॉरेन ने कहा कि उन्हें ऐसी किसी खामी की जानकारी नहीं है, लेकिन नियुक्ति मिलने पर वह मौजूदा नियमों की समीक्षा करेंगी और उन्हें सख्ती से लागू करने के लिए काम करेंगी।
गौरतलब है कि ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (BIS) सेमीकंडक्टर और AI हार्डवेयर जैसी उन्नत तकनीकों पर निर्यात नियंत्रण की निगरानी करने वाली प्रमुख अमेरिकी एजेंसी बन गई है। अमेरिकी प्रशासन लगातार चीन को टेक्नोलॉजी निर्यात पर प्रतिबंधों का दायरा बढ़ा रहा है।
इनपुट: IANS



