तमिलनाडु: NEET के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को राहत, सरकार वापस लेगी सभी मुकदमे
तमिलनाडु सरकार ने नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज सभी आपराधिक मामले वापस लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर लिए गए इस…
तमिलनाडु सरकार ने नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर दर्ज सभी आपराधिक मामले वापस लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के निर्देश पर लिए गए इस निर्णय की घोषणा राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने रविवार को की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस कदम से प्रदर्शनकारी छात्रों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए शिक्षा मंत्री राजमोहन ने कहा, "सरकार ने नीट-विरोधी प्रदर्शनों के सिलसिले में छात्रों के खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लेने का फैसला किया है। मामले वापस लेने की प्रक्रिया और इस फैसले के दायरे में आने वाले मामलों के बारे में जल्द ही और जानकारी दी जाएगी।"
राज्यव्यापी प्रदर्शनों के बाद आया फैसला
यह घोषणा हाल ही में देशभर में नीट परीक्षा को लेकर हुए व्यापक विरोध प्रदर्शनों के बाद हुई है। तमिलनाडु में भी छात्र संगठनों और राजनीतिक समूहों ने परीक्षा प्रणाली पर गंभीर चिंता जताते हुए बदलाव की मांग की थी। राज्य के कई हिस्सों में रैलियों, सड़क जाम और अचानक विरोध प्रदर्शनों (फ्लैश प्रोटेस्ट) का आयोजन किया गया था।
चेन्नई में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) के राज्य मुख्यालय 'बालन इल्लम' पर लगातार विरोध प्रदर्शन हुए। राज्य के अन्य हिस्सों में भी प्रदर्शनकारियों द्वारा सड़क जाम किए जाने के बाद पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा था। इन प्रदर्शनों के दौरान कई छात्रों को हिरासत में लिया गया और कुछ के खिलाफ मामले भी दर्ज किए गए थे।
अब आगे क्या होगा?
सरकार के इस फैसले के बाद, आपराधिक कार्यवाही को समाप्त करने का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि अधिकारी अब राज्य भर के पुलिस स्टेशनों में दर्ज मामलों की समीक्षा करेंगे, जिसके बाद औपचारिक रूप से मुकदमे वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इनपुट: IANS



