पाकिस्तान: बलूचिस्तान में सुरक्षाबलों के काफिले पर घात लगाकर हमला, 3 जवानों की मौत, 29 घायल
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें सुरक्षाबलों के एक काफिले को निशाना बनाया गया। इस समन्वित हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। स
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में गुरुवार को एक बड़ा आतंकी हमला हुआ, जिसमें सुरक्षाबलों के एक काफिले को निशाना बनाया गया। इस समन्वित हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई और 29 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से 20 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हमला मस्तुंग जिले में उस वक्त हुआ जब फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) का काफिला प्रांतीय राजधानी क्वेटा से कलात जिले की ओर जा रहा था। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, काफिला एन-25 हाईवे से गुजर रहा था, तभी भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने कई दिशाओं से एक साथ हमला कर दिया।
दोतरफा हमला और IED ब्लास्ट
सूत्रों ने बताया कि जब पहली टीम पर हमला हुआ तो मदद के लिए सुरक्षाबलों की एक और टुकड़ी मौके पर पहुंची। आतंकियों ने उस दूसरी टीम के पास एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) में धमाका कर दिया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। इसके बाद आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच लंबे समय तक भारी गोलीबारी चलती रही। इस दौरान वाहनों को भी काफी नुकसान पहुंचा, जिसमें फ्रंटियर कॉर्प्स की एक बस पूरी तरह जल गई और तीन अन्य गाड़ियों के टायर क्षतिग्रस्त हो गए।
खैबर पख्तूनख्वा में भी हमले
इसी बीच, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से भी हिंसा की खबरें हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, बन्नू और लोअर दिर जिलों में हुए हमलों में कम से कम दो पुलिसकर्मियों की जान चली गई, जबकि 22 पुलिसकर्मियों सहित कुल 26 लोग घायल हुए। द एक्सप्रेस ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बुधवार को मिरयाब पुलिस स्टेशन पर विस्फोटक से भरे वाहन से हमला किया गया था।
जांच जारी, BLA पर शक
बलूचिस्तान हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली है और आतंकियों के भागने के संभावित रास्तों पर मोर्टार दागे हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि सभी घायलों और मृतकों को निकालकर अस्पतालों में भर्ती करा दिया गया है और हाईवे पर यातायात बहाल कर दिया गया है। अभी तक किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सुरक्षा सूत्रों ने इसके पीछे बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) का हाथ होने की आशंका जताई है। मामले की जांच चल रही है।
इनपुट: IANS



