मणिपुर: उखरुल में तीन IED निष्क्रिय, विभिन्न जिलों से चार उग्रवादी हथियार समेत गिरफ्तार
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बड़ी आतंकी साजिशों को नाकाम करते हुए उखरुल जिले में तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
मणिपुर में सुरक्षाबलों ने बड़ी आतंकी साजिशों को नाकाम करते हुए उखरुल जिले में तीन इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, वहीं दूसरी ओर राज्य के तीन अलग-अलग जिलों में चलाए गए अभियानों में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े चार कट्टर उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों के पास से विदेशी निर्मित हथियारों सहित भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ है। इनमें एक ग्लॉक-19 पिस्टल, पांच गोलियों से भरी मैगजीन, डेटोनेटर के साथ दो चीनी हैंड ग्रेनेड और एक दोपहिया वाहन शामिल हैं।
संयुक्त अभियान में मिली बड़ी सफलता
खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय सेना की स्पीयर कोर, असम राइफल्स और मणिपुर पुलिस ने उखरुल जिले में एक संयुक्त अभियान चलाया। इसी दौरान इन तीन आईईडी का पता लगा, जिन्हें बेहद जटिल तरीके से लगाया गया था। सेना के मुताबिक, इन विस्फोटकों से आम नागरिकों की जान और संपत्ति को गंभीर खतरा था। सुरक्षाबलों ने पहले इलाके की घेराबंदी की और फिर नियंत्रित तरीके से तीनों आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।
विभिन्न जिलों से गिरफ्तारियां
मणिपुर पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारियां इंफाल पश्चिम, बिष्णुपुर और काकचिंग जिलों से हुई हैं। पकड़े गए उग्रवादियों की पहचान फंदोम दिनेश सिंह (38), अहेइबाम सिलन मैतेई (34), ओकराम गोबिन मैतेई (25) और संजेनबाम अबुंग सिंह (49) के रूप में हुई है। ये उग्रवादी पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) और कांगलेईपाक कम्युनिस्ट पार्टी (केसीपी) जैसे प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े हैं।
राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इस बीच, पूरे राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बलों द्वारा बड़े पैमाने पर अभियान जारी है। संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं और 116 नाके और चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा बल इंफाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को सुरक्षा भी मुहैया करा रहे हैं।
इनपुट: IANS



