तेलंगाना: यौन उत्पीड़न मामले में ज़मानत पर छूटे शख्स पर 6 हत्याओं का आरोप, पत्नी और दो बच्चों को भी मार डाला
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या के एक सनसनीखेज मामले ने सबको दहला दिया है। 35 वर्षीय एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद उस नाबालिग लड़की
तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में छह लोगों की हत्या के एक सनसनीखेज मामले ने सबको दहला दिया है। 35 वर्षीय एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद उस नाबालिग लड़की और उसके परिवार के दो सदस्यों को भी मार डाला, जिसने कुछ महीने पहले उसके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस आरोपी की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चला रही है।
आरोपी की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है, जिसने कथित तौर पर शुक्रवार रात को शाबाद स्थित अपने घर पर अपनी 30 वर्षीय पत्नी पार्वती सरिता और अपने दो बेटों (उम्र 4 साल और 1 साल) की हत्या कर दी। जांचकर्ताओं का मानना है कि इसके बाद वह उस 17 वर्षीय लड़की के घर गया, जिसने मई में उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कराया था।
पहले अपना परिवार, फिर शिकायतकर्ता को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, राजकुमार लड़की को जबरन अपनी कार में एक सुनसान जगह पर ले गया और कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने लड़की की 45 वर्षीय मां और 65 वर्षीय नानी की भी उनके घर पर ही हत्या कर दी। घटना के समय लड़की की 20 वर्षीय दिव्यांग बहन भी घर पर मौजूद थी, लेकिन उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद राजकुमार ने अपने पिता को फोन कर हत्याएं करने की बात कबूल की और फिर अपना मोबाइल बंद कर दिया। उसने कथित तौर पर आत्महत्या करने की भी बात कही, हालांकि पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।
क्या था हत्याओं का मकसद?
जांच अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे मामले की जड़ मई में दर्ज एक शिकायत से जुड़ी है। उस वक्त किशोरी ने राजकुमार पर पीछा करने और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि राजकुमार कोचिंग से घर आते-जाते लड़की का पीछा करता था और प्रेम प्रस्ताव स्वीकार करने का दबाव बनाता था। बाद में उसे अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई, क्योंकि जिन धाराओं में मामला दर्ज हुआ था, उनमें सात साल से कम सजा का प्रावधान था।
पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी को पहले से व्यवहार संबंधी समस्याएं थीं। खबरों के मुताबिक, परिवार ने जांचकर्ताओं को बताया कि वह मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं, जुए की लत और भारी कर्ज से जूझ रहा था। राजकुमार और पार्वती ने 2018 में प्रेम विवाह किया था और उनके तीन बच्चे थे, जिनमें से सबसे बड़ी बेटी की बचपन में ही मृत्यु हो गई थी। फिलहाल, पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं और मामले की आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



