मुर्शिदाबाद: सौतेली माँ पर 4 साल की बच्ची को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप, गुस्साई भीड़ ने की मौत की सज़ा की माँग
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक चार साल की बच्ची की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले ने इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में…
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक चार साल की बच्ची की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले ने इलाके में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में बच्ची की सौतेली माँ को गिरफ्तार कर लिया है। घटना सागरपारा थाना क्षेत्र के कटाबारी सरकारपारा इलाके की है, जहाँ स्थानीय लोग आरोपी के लिए मौत की सज़ा की माँग कर रहे हैं।
मृत बच्ची की पहचान फरजाना खातून के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बच्ची के पिता काम के सिलसिले में केरल में रहते हैं। करीब तीन साल पहले फरजाना की सगी माँ घर छोड़कर चली गई थी, जिसके बाद उसके पिता ने मौसमी खातून नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली थी।
लंबे समय से प्रताड़ना का आरोप
स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों का आरोप है कि सौतेली माँ मौसमी खातून, फरजाना को लंबे समय से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। उसे ठीक से खाना नहीं दिया जाता था और न ही स्कूल जाने की इजाजत थी। पड़ोसियों का कहना है कि पहले भी कई बार बच्ची के साथ मारपीट की गई थी।
प्रारंभिक अनुमानों के मुताबिक, शनिवार रात को भी बच्ची को बुरी तरह पीटा गया था। जब उसकी हालत बिगड़ी तो उसे सागरपारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया।
'मुँह बंद करके पीटती थी'
मृतक बच्ची की एक रिश्तेदार नुरेफा बीबी ने बताया, “सौतेली माँ बच्ची को रोज प्रताड़ित करती थी। वह उसे ठीक से खाना नहीं देती थी और पीटती थी। वह बच्ची का मुंह बंद कर देती थी ताकि वह रो न सके।” उन्होंने आगे कहा, “जब हम विरोध करने जाते, तो वह हमसे ही झगड़ने लगती थी। वह बच्ची को पूरे दिन घर में बंद रखती थी और किसी को भी उससे मिलने नहीं देती थी। आज सुबह मैंने देखा कि बच्ची लगभग बेसुध पड़ी थी, उसके शरीर पर कई चोटें और निशान थे।”
इनपुट: IANS



