परिसीमन विधेयक पर संसद में टकराव तय, समाजवादी पार्टी ने सांसदों को जारी किया व्हिप
संसद के विशेष सत्र में सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले परिसीमन संबंधित विधेयकों पर राजनीतिक घमासान तय माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मामले पर अपना कड़ा रुख अपनाते हुए अपने सभी लोकसभा…
संसद के विशेष सत्र में सरकार द्वारा पेश किए जाने वाले परिसीमन संबंधित विधेयकों पर राजनीतिक घमासान तय माना जा रहा है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने इस मामले पर अपना कड़ा रुख अपनाते हुए अपने सभी लोकसभा सांसदों को तीन लाइन का व्हिप जारी कर दिया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह व्हिप पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव द्वारा जारी किया गया है, जिसमें सांसदों को विधेयक के खिलाफ मतदान करने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है।
व्हिप के मुताबिक, सभी सपा सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले विशेष सत्र के दौरान सदन में हर समय उपस्थित रहने को कहा गया है। इसमें लिखा है, "सोमवार, दिनांक 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र शुरू हो रहा है, जो बृहस्पतिवार 3 दिसंबर तक प्रस्तावित है। सत्र में सरकार संविधान (एक सौ बत्तीसवां संशोधन) विधेयक 2026, परिसीमन (दूसरा) विधेयक 2026 और संघ राज्य क्षेत्र विधि (संशोधन) दूसरा विधेयक 2026 ला रही है। अतः लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सभी सदस्यों को सूचित किया जाता है कि सत्र के दौरान पूरा समय सदन में रहें और मतदान पर विधेयक के विरोध में मतदान करें।"
विधेयक के खिलाफ सपा प्रमुख का मोर्चा
पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक में बदलावों को मंजूरी दिए जाने की आलोचना की। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर उन्होंने लिखा, "भाजपा के लिए चुनाव ही सब कुछ है, देश नहीं। इसीलिए उन्हें देश की सीमाओं की नहीं, बल्कि लोकसभा क्षेत्रों की सीमाओं की चिंता है।"
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि इस कदम से भाजपा को कोई फायदा नहीं होगा। उन्होंने एक अन्य पोस्ट में लिखा, "जब भाजपा की जमीन ही नहीं बची है, तो लोकसभा की गिनती बढ़ा ले या उसकी सीमाओं में हेरफेर कर ले, भाजपा को कुछ भी हासिल नहीं होगा।" उन्होंने दावा किया कि किसान, मजदूर, युवा और महिला समेत समाज के सभी वर्ग भाजपा के खिलाफ हैं।
'ध्यान भटकाने की कोशिश'
सपा अध्यक्ष ने विशेष सत्र बुलाने की मंशा पर भी सवाल उठाए। उनका मानना है कि सरकार का असली मकसद परिसीमन नहीं, बल्कि कुछ दिनों के लिए देश का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाना है। उन्होंने अपनी पोस्ट में आगे लिखा, "भाजपा भी जानती है कि 'परिसीमन' से उसे कुछ भी हासिल नहीं होगा, वह विशेष सत्र 'परिसीमन' के लिए नहीं, कुछ दिनों के लिए मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बुला रही है। हम फिर दोहरा रहे हैं कि 'परिसीमन' भाजपा की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा।" जानकारी के मुताबिक, संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल सोमवार को लोकसभा में संशोधित परिसीमन विधेयक-2026 पेश करेंगे।
इनपुट: IANS



