मतदाता सूची में सोनिया गांधी का नाम नागरिकता मिलने से पहले ही था: दिल्ली पुलिस की कोर्ट में रिपोर्ट
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में 1980 में ही मौजूद था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी एक स्टेटस रिपोर्ट के ज़रिए राउज एवेन्यू…
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी का नाम मतदाता सूची में 1980 में ही मौजूद था, जबकि उन्हें भारतीय नागरिकता 1983 में मिली थी। दिल्ली पुलिस ने यह जानकारी एक स्टेटस रिपोर्ट के ज़रिए राउज एवेन्यू कोर्ट को दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पुलिस ने बताया कि इन तथ्यों की पुष्टि जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय और गृह मंत्रालय से की गई है।
यह रिपोर्ट एक ऐसी याचिका के संबंध में दायर की गई है, जिसमें सोनिया गांधी पर धोखाधड़ी से नागरिकता मिलने से पहले ही वोटर लिस्ट में अपना नाम शामिल करवाने का आरोप लगाया गया है। दिल्ली पुलिस ने अदालत को यह भी बताया कि उसने इस मामले में दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय से कुछ दस्तावेज़ मांगे हैं, जिनके जवाब का अभी इंतज़ार है।
जांच के लिए मिला अतिरिक्त समय
इन दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने दिल्ली पुलिस को जांच पूरी करने के लिए और समय दे दिया है। मामले की अगली सुनवाई के लिए 14 दिसंबर की तारीख तय की गई है। यह पूरी कार्यवाही एक शिकायत पर आधारित है, जिसमें आरोप है कि सोनिया गांधी ने 1983 में भारतीय नागरिक बनने से पहले ही वोटर लिस्ट में अपना नाम दर्ज करवा लिया था।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला वकील विकास त्रिपाठी द्वारा दायर एक आपराधिक पुनरीक्षण याचिका से जुड़ा है। इससे पहले, 21 सितंबर को एक अदालत ने मजिस्ट्रेट कोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया था, जिसमें इस मामले में FIR दर्ज करने का निर्देश देने से इनकार किया गया था। विशेष न्यायाधीश विशाल गोगने ने मामले पर फिर से विचार करने का निर्देश देते हुए संबंधित एसीजेएम से कहा था कि वे दोनों पक्षों को सुनें, ज़रूरी जांच करें और पुलिस अधिकारी का पक्ष जानने के बाद एक नया और विस्तृत आदेश जारी करें।
विशेष न्यायाधीश ने कहा था कि मतदाता सूची में किसी गैर-नागरिक का नाम गलत तरीके से शामिल करने के आरोपों पर गंभीरता से विचार होना चाहिए, ताकि यह तय हो सके कि प्रथम दृष्टया जालसाजी या धोखाधड़ी जैसे अपराध बनते हैं या नहीं। पिछली सुनवाई में शिकायतकर्ता के वकील ने कहा था कि चुनावी रिकॉर्ड से ज़ाहिर होता है कि सोनिया गांधी का नाम नागरिकता मिलने से पहले ही वोटर लिस्ट में था और इस कथित जालसाजी की जांच होनी चाहिए। वहीं, सोनिया गांधी के वकील ने इन आरोपों को राजनीतिक रूप से प्रेरित और निराधार बताया था।
इनपुट: IANS



