शनिवार, 18 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
देश

सफदरजंग अस्पताल में सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, लेकिन इलाज से किया इनकार

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया है। शनिवार दोपहर को जारी बुलेटिन के अनुसार, उनके शरीर में पानी की कमी…

सफदरजंग अस्पताल में सोनम वांगचुक की हालत स्थिर, लेकिन इलाज से किया इनकार
(फोटो: IANS)

दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर मेडिकल बुलेटिन जारी किया गया है। शनिवार दोपहर को जारी बुलेटिन के अनुसार, उनके शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) और यूरिन में कीटोन का स्तर बढ़ने के संकेत मिले हैं। हालांकि, उन्होंने किसी भी तरह का इंट्रावेनस (आईवी) फ्लूइड या दवा लेने से इनकार कर दिया है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, वांगचुक को जब अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब वह पूरी तरह से होश में थे और उनके नाड़ी, रक्तचाप तथा ऑक्सीजन का स्तर सामान्य था। जांच में उनके शरीर में कॉम्पेन्सेटेड एसिडोसिस और सीरम पोटैशियम के स्तर में कमी पाई गई। अस्पताल ने बताया कि दोपहर तक उनके यूरिन में कीटोन का स्तर 1+ से बढ़कर 3+ हो गया था, जो चिंता का विषय है।

इलाज को लेकर असहमति

अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सोनम वांगचुक को आईवी फ्लूइड और अन्य दवाएं देने की सलाह दी गई थी, लेकिन उन्होंने इसे लेने से मना कर दिया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है और उन्हें इलाज के लिए समझाने का प्रयास कर रही है।

वहीं, जंतर-मंतर पर वांगचुक की देखरेख कर रही मेडिकल टीम के सदस्य डॉ. नितिन दिघे ने दावा किया कि उन्हें वांगचुक को अस्पताल ले जाने का कारण नहीं बताया गया। उन्होंने कहा, "मैं पिछले 20 दिनों से उनकी स्वास्थ्य निगरानी कर रहा था, लेकिन अस्पताल में हमें उनसे मिलने नहीं दिया गया।" डॉ. दिघे ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार की जांच में वांगचुक का पोटैशियम स्तर सामान्य था और मेडिकल रिपोर्ट भी उनकी टीम को नहीं दी गई।

परिवार ने की डिस्चार्ज की मांग

इस बीच, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि जे. आंगमो ने सफदरजंग अस्पताल को पत्र लिखकर अपने पति को जल्द से जल्द डिस्चार्ज करने का अनुरोध किया है। उन्होंने इलाज में पारदर्शिता की कमी का हवाला देते हुए वांगचुक को परिवार की पसंद के किसी अन्य अस्पताल में स्थानांतरित करने की इच्छा जताई है।

गौरतलब है कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोनम वांगचुक 28 जून से आमरण अनशन पर थे। उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देश पर शनिवार तड़के उन्हें जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इनपुट: IANS

N

News4Social नेशनल डेस्क

News4Social नेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →