लद्दाख के लिए 20 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को दिल्ली पुलिस अस्पताल ले गई
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की 20 दिन से चली आ रही भूख हड़ताल शनिवार को उस वक्त समाप्त हुई, जब दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से उठाकर अस्पताल ले गई। पुलिस ने यह कदम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य…
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की 20 दिन से चली आ रही भूख हड़ताल शनिवार को उस वक्त समाप्त हुई, जब दिल्ली पुलिस उन्हें जंतर-मंतर से उठाकर अस्पताल ले गई। पुलिस ने यह कदम वांगचुक के बिगड़ते स्वास्थ्य और दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए उठाया है। इसके साथ ही, प्रदर्शनकारियों से जंतर-मंतर खाली करने की अपील की गई है।
शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस की एक टीम प्रदर्शन स्थल पर पहुंची और वांगचुक को मेडिकल देखभाल के लिए ले गई। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस दौरान 'कॉकरोच जनता पार्टी' के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की। ये कार्यकर्ता इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे थे।
पुलिस ने क्यों उठाया यह कदम?
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी कार्रवाई का कारण स्पष्ट किया। डीसीपी नई दिल्ली के आधिकारिक हैंडल से किए गए पोस्ट में कहा गया, "हाईकोर्ट के आदेशों और मेडिकल विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को देखते हुए उन्हें जरूरी मेडिकल देखभाल के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
पुलिस ने यह भी बताया कि इस प्रक्रिया के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बाधा डालने की कोशिश की, जिससे थोड़ी अव्यवस्था हुई। हालांकि, पुलिस ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला और वांगचुक को सुरक्षित रूप से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक जंतर-मंतर खाली करने का भी आग्रह किया है।
हाईकोर्ट ने दिए थे निर्देश
यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के उस निर्देश के दो दिन बाद हुई है, जिसमें अदालत ने सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य पर चिंता जताई थी। अदालत ने आदेश दिया था कि सरकारी डॉक्टर हर दिन उनके स्वास्थ्य की जांच करें और उनके जीवन की रक्षा के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा प्रयास किए जाएं। कोर्ट ने टिप्पणी की थी, "हम चाहते हैं कि सरकारी डॉक्टर नियमित रूप से उनकी जांच करें। जीवन अमूल्य है।" कोर्ट ने यह भी कहा था कि यदि उनके स्वास्थ्य में गिरावट आती है तो उचित कदम उठाए जाएं।
इनपुट: IANS



