शुक्रवार, 13 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
टेक्नोलॉजी

Microsoft Outlook में 16 घंटे की रुकावट के बाद ईमेल डिलीवरी शुरू, कंपनी ने बढ़ाई टाइमआउट लिमिट

माइक्रोसॉफ्ट की कई लोकप्रिय सेवाओं में करीब 16 घंटे तक चली बड़ी रुकावट के बाद भारत में आउटलुक यूजर्स को शुक्रवार शाम से धीरे-धीरे ईमेल मिलने शुरू हो गए हैं। इस दौरान टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाएं भी…

Microsoft Outlook में 16 घंटे की रुकावट के बाद ईमेल डिलीवरी शुरू, कंपनी ने बढ़ाई टाइमआउट लिमिट
(फोटो: IANS)

माइक्रोसॉफ्ट की कई लोकप्रिय सेवाओं में करीब 16 घंटे तक चली बड़ी रुकावट के बाद भारत में आउटलुक यूजर्स को शुक्रवार शाम से धीरे-धीरे ईमेल मिलने शुरू हो गए हैं। इस दौरान टीम्स और कोपायलट जैसी सेवाएं भी प्रभावित रहीं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने बताया है कि सेवाओं को पूरी तरह से बहाल करने का काम जारी है और स्थिति में शुरुआती सुधार देखा जा रहा है।

विज्ञापन

यह वैश्विक समस्या गुरुवार रात को शुरू हुई थी, जिससे कई देशों में कारोबार, एयरलाइंस और सरकारी कामकाज पर असर पड़ा। इस रुकावट की वजह सर्वर के हेल्थ-चेक सिस्टम का फेल होना बताया गया, जिसके कारण प्रभावित सर्वर काम नहीं कर पा रहे थे। माइक्रोसॉफ्ट के मुताबिक, इस घटना ने एक्सचेंज ऑनलाइन और ईमेल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े माइक्रोसॉफ्ट 365 के कई प्रोडक्ट्स को प्रभावित किया।

देरी से आने वाले ईमेल को बचाने के उपाय

इस बड़ी रुकावट के दौरान अटके हुए ईमेल डिलीवर हो सकें, इसके लिए कंपनी ने एक अहम कदम उठाया है। माइक्रोसॉफ्ट ने अपने एक हालिया अपडेट में बताया कि ईमेल टाइमआउट विंडो को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया गया है। कंपनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, "देरी से आने वाले ईमेल को सुरक्षित रखने के लिए हमने ईमेल टाइमआउट विंडो को बढ़ाकर 48 घंटे कर दिया है, जबकि क्यू और बैकलॉग की प्रोसेसिंग जारी है।"

कैसे ठीक की जा रही है समस्या?

कंपनी ने बताया कि प्रभावित माइक्रोसॉफ्ट 365 इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकवरी का काम अलग-अलग चरणों में चल रहा है। शुरुआत में, माइक्रोसॉफ्ट ने कॉन्फिगरेशन में बदलाव और प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट करके समस्या को सुलझाने की कोशिश की। इसके बाद एक वैकल्पिक हेल्थ-चेक तरीका भी लागू किया गया, जिससे कुछ सर्वरों को वापस ऑनलाइन लाने में मदद मिली।

कंपनी ने कहा, "हम मेलबॉक्स एक्सेस और ईमेल प्रोसेसिंग में देरी जैसे खास मामलों में सुधार देख रहे हैं, हालांकि बीच-बीच में कुछ दिक्कतें आ सकती हैं।" कंपनी के अनुसार, उसका ध्यान बाकी प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर पर रिकवरी का काम पूरा करने, सिस्टम को स्थिर करने और क्षमता बढ़ाने पर है। यूजर्स माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर में इंसिडेंट नंबर 'एमओ1550821' के तहत विस्तृत जानकारी देख सकते हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social टेक डेस्क

News4Social टेक डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से टेक्नोलॉजी से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →