कोलकाता: मॉल में फिल्म देख रही डॉक्टर से छेड़छाड़, 6 युवक गिरफ्तार
कोलकाता के एक नामी मॉल में फिल्म देखने गई एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। रविवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फिल्म के…
कोलकाता के एक नामी मॉल में फिल्म देखने गई एक महिला डॉक्टर के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। रविवार शाम को हुई इस घटना के सिलसिले में पुलिस ने छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फिल्म के दौरान लगातार अश्लील और भद्दी टिप्पणियां करने का आरोप है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित एक्रोपोलिस मॉल के मल्टीप्लेक्स में हुई। बंशद्रोनी की रहने वाली एक डॉक्टर अपने पति और दोस्तों के साथ फिल्म देखने गई थीं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि फिल्म के दौरान छह युवकों ने उन्हें लगातार परेशान किया और यौन उत्तेजक टिप्पणियां कीं।
पुलिस से भी की बहस
पीड़िता के अनुसार, जब उन्होंने आरोपियों की हरकतों का विरोध किया तो उन्होंने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद मल्टीप्लेक्स के अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए कस्बा पुलिस स्टेशन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि जब उन्होंने आरोपियों से पूछताछ करने की कोशिश की, तो वे पुलिस से ही बहस करने लगे और हॉल में मौजूद दूसरे लोगों से भी अभद्रता की। इसके बाद पुलिस सभी छह युवकों को थाने ले गई।
एक आरोपी ने दी अंजाम भुगतने की धमकी
पुलिस ने पहचान पत्रों के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त आनंद कुमार, सुरेश कुमार, अरविंद कुमार, सृजन दरबार, मनोज रॉय और अरिंदम घोष के रूप में की है। पूछताछ के दौरान, सृजन दरबार ने खुद को जादवपुर विश्वविद्यालय का छात्र बताया और पुलिस को धमकी दी कि अगर उसे गिरफ्तार किया गया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि महिला की शिकायत के आधार पर सभी छह आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



