आर्यन खान केस: 'सबूत नाकाफ़ी, जांच नए सिरे से करनी पड़ी', पूर्व NCB अधिकारी का बड़ा खुलासा
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े चर्चित कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स मामले में एक अहम खुलासा हुआ है। मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (NIT) के प्रमुख रहे पूर्व…
बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान से जुड़े चर्चित कॉर्डेलिया क्रूज ड्रग्स मामले में एक अहम खुलासा हुआ है। मामले की जांच के लिए बनाई गई स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (NIT) के प्रमुख रहे पूर्व IPS अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया है कि आर्यन के खिलाफ आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत ही नहीं मिले थे। समाचार एजेंसी IANS को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा कि जांच में कुछ बुनियादी खामियां थीं, जिसके चलते टीम को पूरी प्रक्रिया नए सिरे से शुरू करनी पड़ी।
संजय सिंह ने अपनी नई किताब 'कोड ऑफ ऑनर' में इस हाई-प्रोफाइल मामले से जुड़े अपने अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि जब NIT ने जांच संभाली तो पाया कि जांच के तरीके में गंभीर कमियां थीं, जिससे वह संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने कहा, “मैं मुंबई गया, घटनास्थल का दौरा किया और कॉर्डेलिया क्रूज जहाज पर भी गया। जिस तरीके से जांच की जा रही थी, उससे मैं संतुष्ट नहीं था। इसलिए हमने जांच नए सिरे से शुरू की।”
जांच में मिलीं ये बड़ी खामियां
संजय सिंह ने जांच के दौरान सामने आई कई महत्वपूर्ण कमियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक आरोप यह था कि आर्यन का दोस्त उनके लिए ड्रग्स ला रहा था। हालांकि, जब दोस्त के बयान की जांच की गई तो पता चला कि आर्यन ने उसे ड्रग्स लाने से साफ मना किया था और एनसीबी की सक्रियता को लेकर आगाह भी किया था। सिंह के मुताबिक, “ऐसे में मोबाइल फोन जब्त करने या उसके वॉट्सऐप चैट तक पहुंचने का कोई आधार नहीं था।”
उन्होंने यह भी बताया कि कानूनी प्रक्रिया का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। एक कमी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि मामले में एक मुखबिर को ही गवाह बना दिया गया था, जो कि नियमों के खिलाफ है। सिंह ने जोर देकर कहा कि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना बेहद जरूरी है।
“पारदर्शिता के लिए मीडिया से की बात”
यह मामला संजय सिंह के करियर के अंतिम दौर में आया था और उस समय चार्जशीट दाखिल न होने को लेकर काफी सवाल उठ रहे थे। उन्होंने कहा, “उस समय मीडिया और आम लोगों के बीच यह सवाल था कि चार्जशीट दाखिल क्यों नहीं की गई। इसलिए हमने पारदर्शिता के साथ मीडिया को पूरी जानकारी देने का फैसला किया।” उन्होंने स्पष्ट किया कि सबूतों की कमी के कारण ही चार्जशीट दाखिल नहीं की जा सकी।
सिंह ने यह भी साफ किया कि NIT प्रमुख के तौर पर उनका काम सिर्फ मामले की जांच करना था, न कि मुंबई एनसीबी की पुरानी टीम के अधिकारियों के आचरण की जांच करना। उन्होंने कहा कि दूसरे पहलुओं की जांच के लिए एक अलग कमेटी बनाई गई थी, जिसकी रिपोर्ट की जानकारी उन्हें नहीं है। अंत में सभी तथ्यों की जांच के बाद यही निष्कर्ष निकला कि आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करने लायक सबूत मौजूद नहीं हैं।
इनपुट: IANS



