पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में पुलिस चौकी पर आतंकी हमला, 7 पुलिसकर्मियों समेत 15 की मौत
पाकिस्तान के उत्तरी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के निशाने पर हैं। इसी कड़ी में हंगू जिले में एक पुलिस चेकपॉइंट पर हुए ताज़ा हमले में कम से कम सात पुलिसकर्मियों की जान चली गई…
पाकिस्तान के उत्तरी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बल लगातार आतंकियों के निशाने पर हैं। इसी कड़ी में हंगू जिले में एक पुलिस चेकपॉइंट पर हुए ताज़ा हमले में कम से कम सात पुलिसकर्मियों की जान चली गई और 22 अन्य घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आतंकवादियों के एक समूह ने बुधवार देर रात इस हमले को अंजाम दिया।
स्थानीय डिस्ट्रिक्ट पुलिस ऑफिसर तारिक हबीब ने मीडिया को जानकारी दी कि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में आठ हमलावर आतंकवादी भी मारे गए और छह अन्य घायल हुए। पुलिस के मुताबिक, इलाके में बचे हुए आतंकियों को खत्म करने के लिए क्लीयरेंस ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फिलहाल किसी भी आतंकी समूह ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
एक हफ्ते में दूसरा बड़ा हमला
यह हमला क्षेत्र में हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं की श्रृंखला का हिस्सा है। इससे पहले 23 जुलाई को भी खैबर पख्तूनख्वा के टैंक जिले में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती हमला हुआ था। उस घटना में एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी गाड़ी से चौकी को निशाना बनाया था, जिसमें भारी नुकसान हुआ था।
IANS के सूत्रों के अनुसार, उस हमले में नौ सैनिकों, चार पुलिसकर्मियों और प्रांतीय वन विभाग के एक अधिकारी सहित कुल 14 लोग मारे गए थे। धमाके में 20 सैनिकों और चार पुलिस वालों समेत 24 लोग घायल भी हुए थे।
नाकाम की गई थी एक और कोशिश
इन घटनाओं के बीच, 25 जुलाई को सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने बताया था कि सुरक्षा बलों ने दक्षिण वजीरिस्तान जिले में एक और हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया था। उस वक्त हमलावरों ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी का इस्तेमाल कर एक चेक पोस्ट को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने वाहन को चौकी तक पहुंचने से पहले ही नष्ट कर दिया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
इनपुट: IANS



