यमन: हूती विद्रोहियों के खिलाफ सऊदी गठबंधन का बड़ा सैन्य अभियान, अहम ठिकाने तबाह करने का दावा
यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ एक बड़ा सैन्य अभियान चलाने की घोषणा की है। गठबंधन का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद हूती समूह के उन महत्वपूर्ण संसाधनों को नष्ट…
यमन में सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने हूती विद्रोहियों के खिलाफ एक बड़ा सैन्य अभियान चलाने की घोषणा की है। गठबंधन का कहना है कि इस कार्रवाई का मकसद हूती समूह के उन महत्वपूर्ण संसाधनों को नष्ट करना था, जिनका इस्तेमाल वह अपनी सैन्य क्षमताओं को बढ़ाने के लिए कर रहा था।
गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यह जानकारी दी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अल-मल्की ने बताया कि यह अभियान सऊदी अरब और यमन में नागरिकों पर हूती विद्रोहियों के लगातार हो रहे हमलों के जवाब में चलाया गया। उनके मुताबिक, हूती इन संसाधनों का उपयोग अपने बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रमों को मजबूत करने के लिए कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने अभियान की जगह या उसके नतीजों पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
अदन में मिसाइल हमला
इसी बीच, रविवार को ही यमन के दक्षिणी बंदरगाह शहर अदन में एक सरकारी सैन्य ठिकाने के पास हूती मिसाइल गिरने से जोरदार धमाका हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' को बताया कि मिसाइल पश्चिमी अदन के अल-बुरैका जिले में गिरी, जहाँ सऊदी समर्थित यमनी सरकारी सेना का ठिकाना है। इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हूती समूह ने इस हमले पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की है।
हमलों और खंडन का दौर
अदन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का अस्थायी मुख्यालय है और हाल के दिनों में यह हूती विद्रोहियों के मिसाइल और ड्रोन हमलों का निशाना बनता रहा है। पिछले हफ्ते भी गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने बताया था कि हूती समूह द्वारा भेजे गए एक ड्रोन को इस्लाम के सबसे पवित्र शहर मक्का के क्षेत्र में रोककर नष्ट कर दिया गया था।
हालांकि, हूती समूह ने सऊदी अरब पर किसी भी हमले से इनकार किया है। हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरिया ने 'एक्स' पर एक बयान में मक्का पर ड्रोन हमले के सऊदी दावे को "झूठा" बताते हुए खारिज कर दिया। सरिया ने कहा कि उनके समूह ने शुक्रवार को "सऊदी अरब के क्षेत्र की ओर कोई अभियान नहीं चलाया।" यमन 2014 के अंत से ही गृहयुद्ध की चपेट में है, जब हूती विद्रोहियों ने राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद 2015 में सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने हस्तक्षेप किया था।
इनपुट: IANS



